बिहार चुनाव : देर रात तक आएंगे फाइनल नतीजे

कोरोना के कारण मतगणना का काम धीमा

पटना। बिहार विधान सभा चुनाव के रूझानों से भाजपा और जनता दल (यू) खेमे में जश्न का माहौल दिखाई दे रहा है। वैसे महागठबंधन ने भी अभी उम्मीद का दामन नहीं छोड़ा है। उधर, रूझानों से इतर फाइनल परिणाम आने में काफी समय लगने की संभावना है। इसका कारण कोविड-19 (कोरोना वायरस) है। दरअसल कोविड-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर मतगणना कराए जाने से काफी वक्त लग रहा है। ऐसे में देर शाम तक चुनावी तस्वीर स्पष्ट होने की संभावना है। चुनाव आयोग ने भी मतगणना की बावत विस्तृत जानकारी दी है। बिहार में विधान सभा चुनाव की मतगणना का काम मंगलवार की सुबह आरंभ हो गया था। दोपहर 2 बजे तक करीब 25 फीसदी मतों की गिनती हो सकी। जबकि अभी 3 करोड़ से ज्यादा मतों की गणना बाकी है। चुनाव आयोग का कहना है कि फाइनल रिजल्ट देर रात तक आ सकता है। उप निर्वाचन आयुक्त चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि कि प्रत्येक चुनाव क्षेत्र में मतदाताओं और डाले गए मतों की संख्या पर मतगणना के चरण तय होते हैं। सब जगह अलग-अलग संख्या में मतगणना के दौर हो रहे हैं। सवा करोड़ से कुछ ज्यादा मत गिने गए हैं। लिहाजा देर रात तक फाइनल नतीजे आएंगे। उन्होंने बताया कि 2015 में 38 मतगणना केंद्र बनाए गए थे। इस बार मतगणना केंद्र 55 हैं। पिछली बार हर हॉल में 14 टेबल होते थे। इस बार सिर्फ 7 हैं। इस बार सोशल डिस्टेंसिंग और मतगणना के लिए उम्मीदवारों के एजेंट्स के बीच सामाजिक और शारीरिक दूरी बनाने के लिए सिर्फ 7 टेबल प्रत्येक हॉल में रखे गए हैं। प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में मतों की संख्या के हिसाब से 19 से 50 राउंड में मतगणना पूरी होगी। औसतन 35 राउंड होंगे। अब तक करीब सवा करोड़ मतों की गिनती हुई है। देर रात तक निर्णायक नतीजे आ सकेंगे। बता दें कि डाक मतपत्रों की गिनती होने पर महागठबंधन ने भाजपा-राजद को पीछे छोड़ दिया था।