बिहार चुनाव : लोजपा का विजन डॉक्यूमेंट जारी

चिराग पासवान ने नीतीश कुमार पर बोला हमला

पटना। बिहार में आसन्न विधान सभा चुनाव के मद्देनजर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी किया है। इस विजन में बिहार के 4 लाख से ज्यादा नागरिकों के विचार को समेटा गया है। इस दरम्यान लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। चिराग ने नीतीश को युवाओं की तरक्की की राह में अड़चन करार दिया। जमुई के सांसद चिराग पासवान ने विजन डॉक्यूमेंट जारी कर लोजपा की जनहित से जुड़ी नीतियों और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाकामियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि वह आज अपने पिता रामविलास पासवान की कमी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं शेर का बच्चा हूं और जंगल को अकेले चीरने निकला हूं। चूंकि गीदड़ का बच्चा होने पर आदमी मारा जाता है। विजन डॉक्यूमेंट पर प्रकाश डालकर उन्होंने बताया कि इसमें 4 लाख से अधिक बिहारियों के विचारों का समावेश किया गया है। मेरे पिता रामविलास पासवान का पूरा अनुभव इसमें शामिल है। उन्होंने कहा कि बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट में सभी की समस्याएं सम्मिलित हैं। कोई ऐसी समस्या नहीं है, जिसका समाधान इसमें शामिल नहीं हो। इस बीच चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार देश को तोड़ने वाले व्यक्तियों को साथ लेकर घूमते हैं। बिहार में कारखाने नहीं लगने के लिए नीतीश हास्यास्पद बहाने कर रहे हैं। वह युवाओं को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते हैं। विकास की बात करने पर मुझे कोसा जाता है। नीतीश नहीं चाहते कि बिहार में युवा आगे बढ़ें। सांसद चिराग पासवान ने कहा कि आने वाले 20 दिन बिहार की किस्मत लिखेंगे। यदि नीतीश कुमार पुन: सीएम बने तो बिहार हार जाएगा। बिहार के युवा फिर पलायन करने को मजबूर होंगे। बिहार के समुचित विकास के लिए नीतीश कुमार का हटना बेहद जरूरी है।