बर्ड फ्लू : 2 हजार परिंदों को मारने का फरमान

महाराष्ट्र में अब तक 4 हजार पक्षियों को मारा गया

महाराष्ट्र। देश में बर्ड फ्लू का प्रकोप और खौफ कम नहीं हो सका है। बर्ड फ्लू का प्रकोप रोकने को बेजुबान परिंदों को मारने का सिलसिला जारी है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में परभणी और बीड जनपद के 2 गांव में मृत मुर्गियों के नमूनों की जांच में बर्ड फ्लू के संक्रमण की तस्दीक हो गई है। इसके बाद 2 हजार से ज्यादा पक्षियों को मारने का फैसला लिया गया है। जनपद परभणी की सेलू तहसील के कुपता गांव से और जनपद बीड के लोखंडी सावरगांव से यह नमूने लिए गए थे। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि इन क्षेत्रों को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है। वहां पक्षियों को मारने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में कुक्कुटों को लाना-ले जाना बंद कर दिया गया है। इससे पहले कुपता और लोखंडी सावरगांव में मृत मिली मुर्गियों के नमूनों को जांच हेतु भेजा गया था। शुक्रवार रात को आई रिपोर्ट में उनमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। जिलाधिकारी दीपक मुगलीकर ने बताया कि कुपता में शनिवार को पक्षियों को मारने की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। लगभग 468 पक्षियों को मारा जाएगा। पशुपालन विभाग के डॉ. रवि सुरेवाड ने कहा कि लोखंडी सावरगांव में डेढ़ हजार से ज्यादा पक्षियों को मारा जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र में अब तक 3,949 पक्षियों को मारा जा चुका है। बता दें कि देश के विभिन्न राज्यों में बर्ड फ्लू के कारण काफी सतर्कता बरती जा रही है। बर्ड फ्लू का प्रकोप रोकने के लिए मुर्गियों को मारा जा रहा है। कोविड-19 के प्रकोप के बीच बर्ड फ्लू की दस्तक ने कई राज्य सरकारों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। सभी राज्यों में पशुपालन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। खासकर मुर्गी पालकों के लिए जरूरी सलाह जारी की गई है।