भाजपा प्रत्याशी के घर छापा, नहीं मिला कैश

बिहार में चुनाव आयोग की टीम ने कार्रवाई की

पटना। चुनाव आयोग की व्यय कोषांग टीम ने भाजपा उम्मीदवार केदार गुप्ता के आवास पर छापा मारा। जांच-पड़ताल के बाद टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। प्रत्याशी द्वारा घर से मतदाताओं को कैश बांटने की सूचना मिली थी, मगर मौके पर ऐसा कुछ नहीं मिला। बाद में टीम लौट गई। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर है। तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए शनिवार को वोटिंग होनी है। चुनाव में अवैध रकम के इस्तेमाल पर चुनाव आयोग की पैनी नजर है। मुजफ्फरपुर के कुढऩी विधान सभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता किस्मत आजमा रहे हैं। वह मौजूदा विधायक भी हैं। गुप्ता के आवास पर चुनाव आयोग की व्यय कोषांग टीम ने छापा मारा। शनिवार को इस विधान सभा क्षेत्र के लिए मतदान होना है। इसके पहले शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. चंद्र शेखर सिंह को सूचना मिली थी कि भाजपा प्रत्याशी के आवास पर गड़बड़ी हो रही है। उनके आवास से रुपए बांटे जा रहे हैं। इस सूचना के बाद चुनाव आयेाग की व्यय कोषांग टीम ने पुलिस बल के साथ गोबरसही स्थित भाजपा प्रत्याशी के आवास पर छापा मारा। टीम ने पूरे घर की तलाशी ली, मगर वहां से टीम को कुछ भी नहीं मिला। उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. चंद्र शेखर ने बताया कि सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी। भाजपा प्रत्याशी के घर से कुछ भी बरामद नहीं हो सका है। इस बीच वहां अफरा-तफरी मची रही। बता दें कि शनिवार को अंतिम चरण का मतदान होना है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा बेहद सख्ती बरती जा रही है। विधान सभा चुनाव के नतीजे 10 नवम्बर को आ जाएंगे। फिलहाल सभी राजनीतिक दलों की बेचैनी बढ़ी हुई है।