उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत मंगलवार को घर-घर झंडा अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत बृज विहार मंडल अध्यक्ष नीरज रावल ने वार्ड 72, कौशांबी-वैशाली की पार्षद कुसुम गोयल के आवास पर भाजपा का झंडा फहराया। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी के मूल विचारों और संगठनात्मक शक्ति को जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस मौके पर पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल, सुभाष शर्मा, संजय चौहान, अशोक राणा, विमला भट्ट, ममता त्रिपाठी, मिथिलेश, रेनू नेगी, शुभम सिंह, कैलाश गोयल, मंगल सिंह, राज सिंह, दुष्यंत गौतम, सुदन पाल यादव और त्रिलोक कुमार जैसे प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
सभी ने मिलकर भाजपा के झंडे को फहराया और संगठन की मजबूती के लिए संकल्प लिया। पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का घर-घर झंडा अभियान केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारे संगठन की जड़ों को और मजबूत करने का प्रयास है। यह अभियान हर कार्यकर्ता को यह याद दिलाता है कि पार्टी की असली ताकत जनता से जुड़ाव में है। आज जब हम वार्ड 72 में झंडा फहरा रहे हैं, तो यह सिर्फ पार्टी का झंडा नहीं, बल्कि हमारी विचारधारा, सेवा और समर्पण का प्रतीक है।
मैं पार्टी के स्थापना दिवस पखवाड़ा के इस आयोजन को लेकर सभी कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और समर्पण की सराहना करता हूं। मंडल अध्यक्ष नीरज रावल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और स्थापना दिवस पखवाड़ा का यह अभियान इसी दिशा में एक मजबूत कदम है। इस अभियान के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों से संवाद स्थापित किया और पार्टी की जनसेवा भावना को दोहराया।
















