हुड़दंग मचाने और फायरिंग के आरोपियों को छुड़ाया
भाजपा की महिला नेत्री ने पुलिस कर्मियों पर फेंका केक
गाजियाबाद। भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर की दबंगई फिर सामने आई है। लोनी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर बर्थ-डे कार्यक्रम के दौरान हुड़दंग मचाने और फायरिंग करने पर पुलिस ने भाजपा की महिला नेत्री सहित कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सभी को लोनी कोतवाली ले जाया गया। इस बीच विधायक गुर्जर अपने समर्थकों के साथ वहां आ धमके। पुलिस पर दबाव बनाकर विधायक ने सभी आरोपियों को छुड़ा लिया। इसके पहले भी विधायक की कारगुजारी के मामले सामने आ चुके हैं। ताजा घटनाक्रम में आरोपियों ने पुलिस कर्मियों पर केक फेंकने के अलावा वर्दी को फाड़ने का भी प्रयास किया। लोनी पुलिस को सोमवार की शाम करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि डाबर तालाब नसबंदी कॉलोनी में फायरिंग हो रही है। सूचना पाकर पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक नसबंदी कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर कार में सवार कुछ युवक हुड़दंग मचा रहे थे। इन युवकों ने कार के बोनट पर केक भी रख रखा था। युवकों के साथ भाजपा की नेत्री भी थी। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शोर-शराबा न करने की अपील की। साथ घर जाकर जन्मदिन मनाने को कहा। इस पर भाजपा नेत्री अड़ गई। महिला नेत्री ने वहां से जाने से साफ इंकार कर दिया। आरोप है कि पुलिस द्वारा उन्हें वहां से हटाने पर भड़की महिला नेत्री ने अपशब्द बोलने शुरू कर दिए। आरोप है कि पुलिस कर्मियों के ऊपर केक फेंक कर वर्दी फाड़ने का प्रयास किया गया। विवाद की सूचना पाकर एसएचओ ओमप्रकाश सिंह भी वहां आ पहुंचे। महिला नेत्री ने एसएचओ को भी नहीं बख्शा। बाद में पुलिस सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। इसकी सूचना मिलने पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर वहां आ धमके। उन्होंने महिला नेत्री को हिरासत में लिए जाने पर ऐतराज व्यक्त किया। आरोप है कि विधायक ने कोतवाली परिसर में बखेड़ा खड़ा कर पुलिस को अंजाम भुगतने की धमकी दी। ऐसे में पुलिस को बैकफुट पर आना पड़ा। पुलिस ने महिला नेत्री सहित अन्य युवकों को कोतवाली से छोडऩे में भलाई समझी। उधर, पुलिस अधीक्षक (देहात) डॉ. ईरज राजा का कहना है कि लोनी में कबिस्तान के पास कार सवारों द्वारा हुड़दंग मचाने की सूचना मिलने पर पुलिस को वहां भेजा गया था। आरोपियों ने संभवत: फायरिंग भी की। पुलिस कर्मियों पर केक के टुकड़े भी फेंके गए। एसपी का कहना है कि पूरे मामले की जांच चल रही है। उधर, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर से इस प्रकरण में उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, मगर उनका मोबाइल नंबर स्वीच ऑफ जाता रहा।















