विकास के नाम पर भाजपा ने गाजियाबाद को सिर्फ लूटा: राकेश यादव

-सपा मेयर प्रत्याशी पूनम यादव को जिताने के लिए एकजुट हो गठबंधन दलों सभी नेता
-विरोधी फैला रहे गठबंधन दलों के नेताओं में समन्वय न होने का आरोप: सिकंदर यादव

गाजियाबाद। निकाय चुनाव में भाजपा से ही सपा का सीधा मुकाबला है। भाजपा की चालबाजियों से हमें सावधान रहना है। निकाय चुनाव पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। शासन-प्रशासन भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। इसलिए सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को ज्यादा ध्यान देना होगा। उक्त बातें गुरुवार को अंबेडकर रोड़ स्थित गठबंधन प्रत्याशी पूनम यादव के चुनाव कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सपा के पूर्व एमएलसी व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश यादव ने कहीं। उन्होंने कहा भाजपा सरकार में महंगाई, लूट, हत्या, बलात्कार, भ्रष्टाचार और अन्याय चरम पर है। लोगों में भाजपा सरकार के प्रति आक्रोश है। स्मार्ट सिटी नारा भर है। बुनियादी समस्याएं जहां की तहां हैं। भाजपा ने विकास योजनाओं में लूट की है। छोटे व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। जीएसटी के छापे सपा समर्थक व्यापारियों के यहां ही क्यों पड़ते हैं। सपा-रालोद-आसपा के नेता व कार्यकर्ता एकजुट होकर सपा मेयर प्रत्याशी पूनम यादव को जिताने के लिए काम करें।

उन्होंने दावा किया कि गठबंधन दल के तीनों नेताओं में बेहतर तालमेल है और सब पूनम यादव को जिताने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी दलों के कार्यकर्ता एकजुट होकर पूनम यादव के चुनाव प्रचार में लगे हैं और सब जगह सपा प्रत्याशी को अपार जनसमर्थन मिल रहा है, लेकिन कुछ लोग एक साजिश के गलतफहमी फैलाने में लगे हैं, लेकिन इसका मतदाताओं पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पूनम यादव के पक्ष में जबरदस्त मौहाल बना हुआ है। भाजपा ने विकास के नाम पर सिर्फ लूटने का काम किया है। लेकिन अब यह संभव नहीं है। नगर निकाय में गठबंधन की सरकार बन रही है।

मेयर प्रत्याशी पूनम के पति सिकंदर यादव ने कहा कि गठबंधन दल के नेताओं में कहीं भी किसी भी तरह का मनमुटाव नहीं है। उनके साथ सभी मिलकर चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। लेकिन उनके कुछ विरोधी गठबंधन के नेताओं में मनमुटाव की झूठी बात प्रचारित करके जनता को गुमराह करना चाहती है, लेकिन ऐसे लोगों को अपने मकसद में कामयाबी नहीं मिलेगी। जनता ने इस बार बदलाव का इरादा कर लिया है और मतदाता पूनम यादव को ही अपनी नई मेयर के रूप में देखना चाहते हैं। प्रेस वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष फैजल खान, महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विशाल वर्मा, मधु चौधरी, राज देवी चौधरी, रालोद नेता अमरजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह टीटू आदि तमाम सपा, रालोद व आजाद समाज पार्टी के नेता मौजूद थे।