मतगणना के बीच भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अतुल गर्ग पहले चरण से ही प्रतिद्वंदी इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा से हजारों वोटों के अंतर से बढ़त बनाते गए। अतुल गर्ग ने प्रचंड 3,36,337 मतों से जीत दर्ज कर गाजियाबाद में एक बार फिर भाजपा का झंडा बुलंद कर दिया। अतुल गर्ग को कुल 8,53,036 वोट मिले। भाजपा के अतुल गर्ग ने इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को 3,36,337 वोट के अंतर से पराजित किया। कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को कुल 5,16,699 वोट ही मिले। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर मतगणना के शुरुआत से आखिरी राउंड तक तीसरे नंबर की दौड़ लगाते रहे। नंदकिशोर पुंडीर को कुल 79,387 वोट ही मिले। रात करीब पौने 8 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने लोकसभा सीट पर जीत दर्ज कराने वाले भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग जीत का प्रमाण पत्र सौंपते हुए उन्हें सांसद चुनने पर बधाई दी।
गाजियाबाद। गाजियाबाद लोकसभा सीट पर एक बार फिर भाजपा का डंका बज गया। लोकसभा चुनाव के बाद मंगलवार की सुबह 8 बजे से गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में शुरू हुई मतगणना के बीच भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अतुल गर्ग पहले चरण से ही प्रतिद्वंदी इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा से हजारों वोटों के अंतर से बढ़त बनाते गए। अतुल गर्ग ने प्रचंड 3,36,337 मतों से जीत दर्ज कर गाजियाबाद में एक बार फिर भाजपा का झंडा बुलंद कर दिया। अतुल गर्ग को कुल 8,53,036 वोट मिले। भाजपा के अतुल गर्ग ने इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को 3,36,337 वोट के अंतर से पराजित किया। कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को कुल 5,16,699 वोट ही मिले। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर मतगणना के शुरुआत से आखिरी राउंड तक तीसरे नंबर की दौड़ लगाते रहे। नंदकिशोर पुंडीर को कुल 79,387 वोट ही मिले। रात करीब पौने 8 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने लोकसभा सीट पर जीत दर्ज कराने वाले भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग जीत का प्रमाण पत्र सौंपते हुए उन्हें सांसद चुनने पर बधाई दी। इसके साथ ही अतुल गर्ग को डाक मत पत्र के 1134 वोट मिले। डॉली शर्मा को 506 और नंदकिशोर को 138 डाक मत पत्र वोट मिले। कुल 2132 मतपत्र वोट डाले गए थे। इनमें से 310 अस्वीकृत किए गए।
गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में मतगणना त्रिस्तरीय सुरक्षा-व्यवस्था में पुलिस फोर्स की कड़ी निगरानी में हुई। गाजियाबाद लोकसभा सीट का रिजल्ट रात 8 बजे तक फाइनल किया गया। लोकसभा सीट पर कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। इनमें भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अतुल गर्ग,इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा, बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर एवं क्षेत्रीय दल के प्रत्याशी और निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को हो गया। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में पिछले 40 दिन से बंद इन दिग्गज प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुल जाने के बाद भाजपा के अतुल गर्ग सांसद चुने गए। गाजियाबाद लोकसभा सीट की बात करें तो इसमें गाजियाबाद शहर, मुरादनगर, साहिबाबाद, लोनी व धौलाना आंशिक विधानसभा सीट को मिलाकर कुल 5 विधानसभा क्षेत्र हैं। लोकसभा सीट पर कुल मतदाता 29,45,487 है। इनमें से महिला व पुरुष मतदाताओं को मिलाकर कुल 14,68,608 मतदाताओं के मतों की गिनती हुई।
देर शाम को भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को शिकस्त देते हुए 3,36,337 मतों से पराजित कर दिया। बाकी 11 प्रत्याशियों में आनंद कुमार को 1174 वोट,अंशुल गुप्ता को 763 वोट, धीरेंद्र सिंह भदौरिया को 696 वोट, नमह को 1079 वोट, पूजा सक्सेना को 874 वोट,अभिषेक पुंडीर को 652 वोट,अवधेश कुमार को 1037 वोट, औरंगजेब को 1120 वोट, कविता को 772 वोट, नत्थू सिंह को 1159 वोट,रवि पांचाल को 1965 वोट मिले। इनसे ज्यादा 8195 वोट नोटा दबाया गया। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के साथ ही निर्वाचन आयोग ने मतगणना की तैयारी शुरू कर दी थी। मतगणना के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना एवं सीलिंग की कार्रवाई सीसीटीवी की निगरानी में की गई। मतों की गिनती विधानसभा क्षेत्र वार होगी और सभी विधानसभा के मतों का योग कर परिणाम जारी किए गए।
वहीं, पोस्टल बैलेट की मतगणना आरओ मुख्यालय के मतगणना स्थल पर की गई। पोस्टल बैलेट और सर्विस वोटर से प्राप्त ईटीपीबीएस की स्कैनिंग सुबह आठ बजे से शुरू की गई। प्रत्येक मतगणना हाल में एक ब्लैक या व्हाइट बोर्ड की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच पोलिंग बूथ की वीवीपैट स्लिप की गणना हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। अनाज मंडी में 12 हॉल में मतों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू की गई। निष्पक्ष,पारदर्शिता तरीके से मतगणना को शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने के बाद जीत दर्ज कराने वाले भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग को प्रमाण पत्र सौंपा गया।
अतुल गर्ग की चमकी किस्मत
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर एक बार फिर भाजपा का परचम लहरा गया। भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अतुल गर्ग ने 4 लाख वोटों से प्रचंड जीत हासिल की है। यूं कहे कि आखिर अतुल गर्ग सांसद बन ही गए। उनकी किस्मत चमक गई। विपक्षी गठबंधन से डॉली शर्मा और बहुजन समाज पार्टी से नंद किशोर पुंडीर समेत कुल 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। लोकसभा सीट पर भाजपा ने जनरल वीके सिंह का टिकट काटकर जगह विधायक अतुल गर्ग को उम्मीदवार बनाया। इससे पहले पार्टी ने आठ बार चुनाव लड़ा है। सात बार जीत मिली है। इन 7 बार में क्षत्रिय सांसद बने। भाजपा ने पहली बार चुनाव 1980 में लड़ा था और अनुसूचित जाति के संघप्रिय गौतम को उम्मीदवार बनाया था। उनकी जमानत जब्त हो गई थी। अतुल गर्ग संघ परिवार की पसंद कहे जाते हैं। वह 2017 और 2022 में गाजियाबाद शहर सीट से विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। 2017 में उन्हें स्वास्थ्य राज्यमंत्री बनाया गया था। 2022 में उनकी जीत पहली से बड़ी थी, लेकिन मंत्री नहीं बनाया गया। कविनगर निवासी 62 वर्षीय अतुल गर्ग के कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थान हैं।
बता दें कि अतुल गर्ग का जन्म 26 अगस्त 1957 को गाजियाबाद में हुआ। जो उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री हैं। वे उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य हैं, गाजियाबाद शहर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। भाजपा के सदस्य हैं। इन्होंने 2012 में उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनावों के लिए प्रचार किया था। लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाए थे। लेकिन 2017 के चुनाव के बाद वे विधानसभा में शामिल हो गए। वे खाद्य और नागरिक आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा, किराया नियंत्रण और उपभोक्ता संरक्षण के लिए राज्य मंत्री भी रहे हैं। इससे पूर्व गाजियाबाद लोकसभा सीट पर पिछले तीन चुनावों पर नजर डालें तो वर्ष-2009 में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां जीत का परचम लहराया। इसके बाद 2014 और 2019 में जनरल वीके सिंह ने जंग जीतकर सांसद चुने गए थे।
संसदीय सीट पर मैदान में 14 सूरमा प्रत्याशी में से 12 की जमानत जब्त
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने वाले 14 सूरमा प्रत्याशी थे। मगर इनमें से बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर समेत 12 प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। इनमें प्रमुख तीन राजनीतिक दलों में भाजपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी अतुल गर्ग,इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा,बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर के अलावा सुखी समाज पार्टी के प्रत्याशी अवधेश कुमार, राष्ट्र निर्माण पार्टी प्रत्याशी आनंद कुमार, राष्ट्रीय जन कर्मठ पार्टी के प्रत्याशी अंशुल गुप्ता, सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धीरेंद्र कुमार भदौरिया, समाज विकास क्रांति पार्टी के प्रत्याशी नमह, राईट टू रिकॉल पार्टी प्रत्याशी पूजा, निर्दलीय अभिषेक पुंडीर, निर्दलीय औरंगजेब, निर्दलीय कविता, निर्दलीय नत्थू सिंह, निर्दलीय रवि कुमार पांचाल चुनावी मैदान में थे। भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत हासिल करते हुए प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा का कड़ी शिकस्त दी है। साथ ही इन प्रत्याशियों में 12 प्रत्याशियों की जमानत भी जब्त हो गई। बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए।


















