मिशन बंगाल पर कोलकाता पहुंचे जेपी नड्डा
कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा बुधवार को कोलकाता पहुंच गए। इस बीच वह भाजपा के 9 चुनावी कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। नड्डा के आगमन से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कोलकाता एयरपोर्ट पर नड्डा का जोरदार स्वागत किया गया। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सक्रियता बढऩे से सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की बेचैनी बढ़ी हुई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ में सेंधमारी करने के लिए भाजपा खूब जोर-आजमाइश करती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में भाजपा ने मिशन बंगाल की शुरुआत की है। इसके चलते राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे हैं। वह कोलकाता के मशहूर कालीघाट मंदिर में शाम को पूजा-अर्चना करेंगे। वह इस बार बंगाल में अपने चुनावी मिशन की शुरुआत मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ से करेंगे। वह ममता बनर्जी के विधान सभा क्षेत्र भवानीपुर में जनसंपर्क रैली करेंगे। इसके अलावा वीरवार को वह ममता बनर्जी के भर्ती अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हॉर्बर में रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा के रणनीतिकारों ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के क्षेत्र में पार्टी के प्रचार अभियान को ममता के गढ़ में सर्जिकल स्ट्राइक का नाम दिया है। भाजपा ने भवानीपुर और डायमंड हॉर्बर क्षेत्र में आक्रामक अभियान चलाने की रणनीति तैयार की है। दरअसल भाजपा ने इन दोनों स्थानों के समीकरण का पूरा अध्ययन किया है। भवानीपुरा सीट में लगभग 45 हजार मुस्लिम मतदाता हैं। जबकि 90 हजार बंगाली मतदाता और 50 हजार गैर बंगाली मतदाता हैं। 2019 के लोक सभा चुनाव में इस क्षेत्र में भाजपा सिर्फ 3168 मतों से पिछड़ गई थी। उधर, पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि नागरिक अब बदलाव चाहते हैं। इसके लिए वह भाजपा को समर्थन दे रहे हैं।
















