भाजपा का रोड शो, विपक्ष को दिखाई ताकत

पश्चिम बंगाल में खिलेगा कमल : जेपी नड्डा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आसन्न विधान सभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके मद्देनजर भाजपा भी अपनी जमीन को मजबूत करने में मशगूल है। सत्ता से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को उखाडऩे के लिए भाजपा हरसंभव कोशिशों में जुटी है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को एक बार फिर पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने नदिया में भाजपा की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की। इसके पहले पश्चिम बंगाल के मालदा में रोड शो किया गया। मालदा में आयोजित रैली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 10 जनवरी को कृषक सहयोग और सुरक्षा अभियान की शुरुआत की गई थी। आज 35 लाख किसान इस कृषक सुरक्षा अभियान से जुड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित रखा गया, मगर अब चुनाव नजदीक आ गए तो ममता बनर्जी कह रही हैं कि हम पश्चिम बंगाल के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि दिलाएंगे। उस पर रोक नहीं लगाएंगे, मगर ममता दीदी अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मैं जहां जाता हूं, वहां जय श्रीराम नारा लग रहा है। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि ममता दीदी इतना डरती क्यों हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कमल जरूर खिलेगा। राज्य में भाजपा की सरकार आएगी। पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता दीदी को नमस्ते करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लाख करोड़ रुपये किसानों के लिए किसान सम्मान निधि में दिए हैं। भाजपा सरकार किसान हित में काम कर रही है। रैली से पहले भाजपा अध्यक्ष नड्डा मालदा के इंडियन सेंटर फॉर एग्रीकल्चर में भी गए। बता दें कि पश्चिम बंगाल में जल्द विधान चुनाव की घोषणा हो सकती है। इसके चलते सभी राजनीतिक दल इस राज्य में एकाएक सक्रिय हो गए हैं।