इजरायल दूतावास के पास ब्लास्ट की जांच

हमले के पीछे आतंकी संगठन जैश उल हिंद

नई दिल्ली। दिल्ली में इजरायली दूतावास के बाहर शुक्रवार की शाम धमाका होने के प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच शुरू हो गई है। इजरायल ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है। जैश उल हिंद नामक आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि आतंकी संगठन के दावे से जांच एजेंसियां इत्तेफाक नहीं रखती हैं। आतंकी संगठन जैश उल हिंद द्वारा इस हमले की जिम्मेदारी लेने के बारे में कथित तौर पर मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के मैसेज के जरिए इसकी पुष्टि का दावा किया जा रहा है। मैसेज में कहा गया है कि सर्वशक्तिमान अल्लाह की कृपा और मदद से जैश उल हिंद के सैनिक दिल्ली के हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में घुसपैठ कर आईईडी हमले को अंजाम दे पाए। भारत के प्रमुख शहरों को निशाना बनाने वाले हमलों की यह एक शुरुआत है। यह भारतीय सरकार द्वारा किए गए अत्याचारों का बदला लेगा। उधर, धमाके में प्रयुक्त विस्फोटक की 2 बार जांच की गई। सूत्रों ने कहा कि जांच में सामने आया कि डिवाइस में हाई ग्रेड मिलिट्री एक्स्प्लोसिव पाई गई। अल-कायदा जैसे प्रशिक्षित समूहों के पास इस ग्रेड के विस्फोटक उपलब्ध होने की आशंका है। आईएसआईएस के एक समूह ने भी हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, मगर एजेंसियां उनके शामिल होने को लेकर ज्यादा आश्वस्त नहीं हैं। धमाके के बाद शुक्रवार की रात ईरान की एक फ्लाइट में भी देरी हुई और सभी यात्रियों की जांच की गई, मगर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल ने कहा कि अति-सुरक्षित क्षेत्र में धमाके में कुछ कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। प्रारंभिक जांच में मालूम पड़ता है कि किसी ने सनसनी उत्पन्न करने हेतु यह शरारत की है। उधर, पुलिस आयुक्त एस.एन. श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ दूतावास के बाहर आईईडी धमाके की जांच कर रहा है।