महिला की मौत, दर्जनभर से ज्यादा नागरिक लापता
पटना। बिहार के भागलपुर से बड़ा हादसा प्रकाश में आया है। गंगा नदी में वीरवार की सुबह यात्रियों से भरी नाव पलट गई। इस नाव पर 100 से ज्यादा यात्री सवार थे। हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका का शव बरामद कर लिया गया है। दर्जनभर से ज्यादा यात्री लापता हैं। नाविकों की सहायता से सभी की खोजबीन चल रही है। हादसे के बाद सरकारी तंत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों ने मौके पर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन आरंभ कराया। पुलिस के मुताबिक गंगा नदी में नवगछिया के गोपालपुर तीनटंगा जहाज घाट के पास यह हादसा सामने आया है। 100 से अधिक मजदूर और किसान नाव पर सवार थे। उन्हें मकई की बुआई करने जाना था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई। इस बीच कुछ यात्री तैरकर किनारे पहुंच गए, जिससे उनकी जान बच गई। आस-पास के नागरिकों और नाविकों ने भी कुछ यात्रियों को बचाया। खबर है कि हादसे के बाद 30 से ज्यादा यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला का शव निकाल लिया गया है। हादसे से प्रभावित नागरिकों को उपचार के लिए गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की देख-रेख में बचाव कार्य जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन में नाविकों की मदद भी ली गई है। हादसे में बाल-बाच बची महिला रेणु देवी ने बताया कि नाव पर 100 से ज्यादा यात्री थे। इसके चलते अचानक नाव डूबने लगी थी। रेणु को नहीं मालूम कि किस तरह बचाव दल ने उसे बचाया। उधर, पुलिस का कहना है कि नदी में लापता नागरिकों की तलाश का काम प्राथमिकता पर चल रहा है। हादसे के लिए जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
















