-सेक्टर-21 में बनने वाली फिल्म सिटी का शिलान्यास जून में होगा
-अब ले आउट की जांच यमुना प्राधिकरण करेगा, फिर लेगा फैसला
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में बनने वाली फिल्म सिटी का शिलान्यास जून में होगा। विकासकर्ता कंपनी बेव्यू की ओर सोमवार को मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर यमुना प्राधिकरण के दफ्तर पहुंचे और सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह के साथ बैठक की। उन्हें कार्ययोजना से अवगत कराया और लेआउट जमा किया। अब जांच के बाद प्राधिकरण ले आउट पर फैसला लेगा।
यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ जमीन फिल्म सिटी के लिए आरक्षित की गई है। पहला चरण 230 एकड़ में बनाया जाएगा। पहला चरण बेव्यू कंपनी बनाएगी। इस कंपनी बोनी कूपर और भूटानी ग्रुप शामिल है। सोमवार को बोनी कपूर यमुना प्राधिकरण के दफ्तर पहुंचे। यहां पर सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह के साथ बैठक की। साथ ही ले आउट जमा किया। अब जांच के बाद प्राधिकरण ले आउट पर फैसला लेगा। कपूर ने कहा कि 30 जून से पहले इसका शिलान्यास हो जाएगा। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है।
कपूर ने बताया कि पहले चरण में फिल्म स्टूडियो के 14 साउंड स्टेज बनेंगे। 21 एकड़ में इंस्टीट्यूट बनेंगे और स्टूडियोज भी तैयार किए जाएंगे। यहां फिल्म से जुड़ी पढ़ाई और प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिल्म सिटी में बहुत सारे स्टूडियो अलग-अलग फ्लोर पर होंगे। एक स्टूडियो में परमानेंट पानी का टैंक रहेगा। इसमें वर्चुअल स्टूडियो होगा, जहां बड़ी एलईडी स्क्रीन लगी होगी। यहां आप कंप्यूटर से बने दृश्य दिखा सकते हैं। अलग-अलग साइज के स्टूडियो होंगे। कुछ टीवी शो के लिए, कुछ फिल्मों के लिए।
कुछ जगह पर परमानेंट सेट होंगे। खुला मैदान भी होगा जहां आउटडोर शूटिंग हो सके। यह सब कुछ 155 एकड़ में फैला होगा। कपूर ने कहा कि देश में इस समय तीन फिल्म सिटी सबसे ज्यादा एक्टिव हैं। एक मुंबई की फिल्म सिटी, दूसरी हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी और तीसरी इंडी स्टूडियो, जो मुंबई के पास है। कहा कि तीनों फिल्म सिटीज में काम किया है। उनकी खूबी और कमियों का जानते हैं। नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी को आज के जमाने के मुताबिक बनाया जाएगा।

















