शालीमार गार्डन में बिल्डर ने किया अतिरिक्त तल निर्माण, जीडीए ने किया ध्वस्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम की अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के क्रम में शुक्रवार को शालीमार गार्डन में बिल्डरों ने स्वीकृत नक्शा से अतिरिक्त तल का निर्माण किए जाने पर उसे हथौड़ा और जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया गया। शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता सुरजीत कुमार, अवर अभियंता अखिलेश कुमार ने जीडीए पुलिस और शालीमार गार्डन थाना पुलिस की मौजूदगी में अतिरिक्त तल का निर्माण ध्वस्त किया गया। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 में भूखंड संख्या-270 पर बिल्डर ने जीडीए से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अतिरिक्त तल का निर्माण कर लिया। इस तल पर निर्मित कॉलम व दीवारों को हथौड़ा चलवाकर ध्वस्त किया गया। इसके अलावा भूखंड संख्या-325 शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1पर स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर अतिरिक्त तल पर निर्मित कॉलम को भी ध्वस्त किया गया।