मोरटी की 7 हजार वर्ग मीटर की अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, सड़क और प्लॉटिंग को किया जमीनदोज

-गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का दो टूक अल्टीमेटम, खरीद-फरोख्त की तो भुगतना पड़ेगा अंजाम, दोबारा निर्माण पर होगी एफआईआर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए शनिवार को मोरटी गांव में बड़ी कार्रवाई की। यहां करीब 7,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैल रही एक अनधिकृत कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम द्वारा की गई, जिसमें खसरा संख्या 352, 175 और 176 में हो रहे सड़क निर्माण और प्लॉटिंग को बुलडोज़र चलाकर पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध की कोशिश की, लेकिन स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में उन्हें हटाकर कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

प्राधिकरण ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि अनधिकृत कॉलोनियों में ज़मीन की खरीद-फरोख्त से बचें, वरना भविष्य में होने वाले नुकसान के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि कोई व्यक्ति इस भूमि पर दोबारा निर्माण करता है तो उसके खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी। प्राधिकरण का कहना है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई आगे और भी सख्ती से की जाएगी।

जीडीए द्वारा बार-बार जनता से अपील की जा रही है कि वे केवल अधिकृत कॉलोनियों में ही निवेश करें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। इस कार्रवाई के ज़रिए जीडीए ने न सिर्फ अवैध निर्माण पर नकेल कसी है, बल्कि एक बार फिर साफ कर दिया है कि गाजियाबाद में कानून के खिलाफ जाकर जमीन पर कब्जा और कॉलोनी काटने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज़ होने जा रहा है, जिससे शहर का नियोजित और कानूनी ढांचा और अधिक मज़बूत हो सकेगा।