- अध्यक्ष विवेक चौधरी और प्रधानाचार्या रितु चौधरी ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस के महत्व से अवगत कराया
- विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषण प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बनाया
- शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना से सजा विद्यालय परिसर
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। चिपियाना बुजुर्ग स्थित कैंब्रिज पब्लिक स्कूल में सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन अत्यंत उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के अध्यक्ष विवेक चौधरी एवं प्रधानाचार्या रितु चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय अध्यक्ष विवेक चौधरी ने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारे देश में संविधान लागू हुआ था और इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार, स्वतंत्रता और कर्तव्य प्रदान किए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, शिक्षा और नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्या रितु चौधरी ने अपने संबोधन में बताया कि भारतीय संविधान का निर्माण डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में हुआ और इसे तैयार होने में 2 वर्ष 11 माह 18 दिन का समय लगा। उन्होंने शिक्षा और समय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षित विद्यार्थी ही भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकते हैं तथा अपने माता-पिता और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षित बच्चे ही राष्ट्र की प्रगति का आधार और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके पश्चात जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने ‘मुझे माफ करना ‘, ‘नन्ना मुन्ना राही हूँ ‘, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएँ ‘, ‘संदेशे आते हैं ‘, ‘तेरी मिट्टी में मिल जावां ‘, ‘देश रंगीला ‘, ‘ऐसा देश है मेरा ‘, ‘भारत की बेटी’ सहित अनेक देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा।
इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा गणतंत्र दिवस के महत्व पर संक्षिप्त भाषण भी प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति, संविधान और नागरिक कर्तव्यों पर प्रभावशाली विचार रखे गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर नजर आया। इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों राबिया, मनमोहन, प्रीति, संगीता, सानिया, ममतेश, मांडवी और निशा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय अध्यक्ष श्री विवेक चौधरी ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। कैंब्रिज पब्लिक स्कूल का यह गणतंत्र दिवस समारोह विद्यार्थियों में देशप्रेम और राष्ट्रीय मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला एक प्रेरणादायक और स्मरणीय आयोजन सिद्ध हुआ।


















