नैनीताल से रुड़की लौटते समय बिजनौर में हादसा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में रविवार को नहर में कार गिरने से तहसीलदार, अर्दली और ड्राइवर की पानी में डूबने से मौत हो गई। वह तीनों नैनीताल से रुड़की लौट रहे थे। हादसे की सूचना पाकर पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। रेस्क्यू कराकर कार और तीनों शवों को नहर से बाहर निकाला गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना की जांच चल रही है। पुलिस के मुताबिक बिजनौर जनपद में सरवनपुर नहर पर यह हादसा हुआ। बिजनौर के नजीबाबाद की सरवनपुर नहर में रुड़की की तहसीलदार की सरकारी गाड़ी अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने बताया कि तहसीलदार सुनैना राणा अपने अर्दली ओमपाल और चालक सुंदर सिंह के साथ नैनीताल से रुड़की वापस लौट रहे थे। नजीबाबाद से 4 किलोमीटर पहले नहर पुलिया की रेलिंग को तोड़कर कार अचानक नहर में गिर गई। दुर्घटना की सूचना पाकर जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह, एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण कुमार सिंह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। काफी तलाश के बाद तीनों शवों को नहर से निकाला गया। क्रेन से सरकारी गाड़ी को भी बाहर निकाल लिया गया। बिजनौर के एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह का कहना है कि रुड़की के तहसीलदार नैनीताल से शनिवार की रात लौट रहे थे। तेज रफ्तार कार एकाएक अनियंत्रित हो गई। नतीजन नहर की रेलिंग को तोड़कर कार नहर में जा गिरी। हादसे में तहसीलदार, अर्दली और ड्राइवर की मौत हो गई। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच चल रही है। उधर, हादसे के बाद वहां आस-पास के नागरिकों की भीड़ एकत्र हो गई। इस प्रकरण में पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
















