जीडीए सील तोड़कर दो जगह अवैध निर्माण में मुकदमा दर्ज

उदय भूमि
गाजियाबाद। साहिबाबाद क्षेत्र में अलग-अलग दो स्थानों पर जीडीए की सील तोड़कर किए गए अवैध निर्माण के मामलों में जीडीए के अवर अभियंता ने मुकदमा दर्ज कराया हैं। जीडीए प्रवर्तन जोन-7 के अवर अभियंता नरेंद्र कुमार मार्कंडेय ने बताया कि आराधना बॉर्डर के पास संजय शर्मा व वृंदावन गार्डन में महिला उर्मिला देवी ने जीडीए की अनुमति बगैर ही अवैध रूप से निर्माण किया था।

दोनों ही मामलों में अवैध निर्माण पाए जाने पर पिछले दिनों सीलिंग की कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। अवर अभियंता का आरोप है कि कुछ दिन बाद निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दोनों ही मामलों में जीडीए की सील तोड़कर फिर से अवैध रूप से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। साहिबाबाद पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।