गाजियाबाद प्रशिक्षण अकादमी में सीबीआई का छापा

यूपी में 4 अफसरों के 14 ठिकानों पर छापेमारी

लखनऊ। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) टीम ने बुधवार को निलंबित डीएसपी राजीव ऋषि सहित 4 अफसरों के 14 ठिकानों पर छापेमारी की। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, मेरठ और कानपुर में यह कार्रवाई की गई। गाजियाबाद में सीबीआई की प्रशिक्षण अकादमी में सीबीआई टीम पहुंची। सीबीआई ने 4 दिन पहले भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया था। सीबीआई की दस सदस्यीय टीम ने उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर के देवबंद में डीएसपी राजीव ऋषि के पैतृक आवास पर पंजाबी मौहल्ला देवबंद में छापा मारा। इस बीच किसी को घर के भीतर जाने और बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई। सनद रहे कि सीबीआई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने 4 अफसरों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि इन अधिकारियों ने सीबीआई द्वारा दर्ज बैंक फ्रॉड केस के मामले में फंसी कंनियों को संवेदनशील गोपनीय जानकारी उपलब्ध कराई। सीबीआई ने इस संदर्भ में डीएसपी के साथ इंस्पेक्टर, स्टेनो और प्राइवेट व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बैंक धोखाधड़ी की आरोपी कंपनियों के खिलाफ जांच प्रभावित करने हेतु कथित रूप से रिश्वत लेने पर सीबीआई ने अपने 4 कर्मियों पर कार्रवाई की है। इनमें 2 पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) शामिल हैं। सीबीआई की टीम ने गाजियाबाद स्थित प्रशिक्षण अकादमी में भी छापेमारी की है। डीएसपी राजीव ऋषि और आर.के. सांगवान, इंस्पेक्टर कपिल धनकड़ और स्टेनो समीर कुमार पर कानूनी कार्रवाई की गई है। सीबीआई अकादमी में तैनात राजीव ऋषि के परिसरों की तलाशी ली गई। अकादमी में विदेशी कैडेटों को भी प्रशिक्षण दिया जाता है। बता दें कि कुछ दिन पहले सीबीआई टीम ने गाजियाबाद के कौशाम्बी थाना क्षेत्र में भी अपने एक अफसर के फ्लैट पर छापा मारकर जांच-पड़ताल की थी। उस दौरान जरूरी दस्तावेज जब्त कर लिए गए थे। सीबीआई की ताबड़-तोड़ कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों की बेचैनी जरूर बढ़ गई है।