-वोट की ताकत को समझें युवा शक्ति, मजबूत लोकतंत्र के लिए करें मतदान: अभिनव गोपाल
गाजियाबाद। नेशनल हाईवे-9 स्थित एबीईएस इंजीनियरिंग कॉलेज में सोमवार को भारत निर्वाचन आयोग के प्रमुख कार्यक्रम सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन (स्वीप) के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने किया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं,खासकर पहली बार मतदान करने वाले छात्रों को उनके मताधिकार का महत्व समझाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। सीडीओ ने संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और उनका हर एक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। स्वीप जैसे कार्यक्रम उन्हें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करते हैं।
इस अवसर पर छात्रों के लिए एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और मतदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त, छात्रों ने नाटक (स्किट), भाषण और कविताओं के माध्यम से मतदान के महत्व को रेखांकित किया और अपने सहपाठियों को आगामी चुनावों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ इस सत्र में भाग लिया और मतदान से जुड़े अपने सवालों के उत्तर पाए। कार्यक्रम के अंत में छात्रों से अपील की गई कि वे न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि अपने दोस्तों और परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा, कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या विभा चौहान, प्रधानाचार्य जय सिंह, विभागीय समन्वयक रुचि त्यागी, पूनम शर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा। सीडीओ ने कार्यक्रम के दौरान सभी का मतदान करने की शपथ भी दिलाई। एबीईएस इंजीनियरिंग कॉलेज के सचिव सास्वत गोयल, डॉ. डीके शर्मा निदेशक, नीतिका जैन, पंकज शर्मा, रुचि त्यागी, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, प्रोफेसर आरआर पांडा आदि उपस्थित रहे।

















