गाजियाबाद में महाशिवरात्रि की धूम, दूधेश्वर नाथ मंदिर में होगा भव्य आयोजन

-अष्ट प्रहर रुद्राभिषेक, शिव बारात और फूल बंगले की तैयारियां जोरों पर
-अष्ट प्रहर रुद्राभिषेक से गूंजेगा दूधेश्वर धाम

उदय भूमि
गाजियाबाद। शहर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मंदिर में इस बार भी महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 25 और 26 फरवरी को होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस पावन अवसर पर अष्ट प्रहर रुद्राभिषेक, भव्य शिव बारात, विशेष श्रृंगार और जागरण का आयोजन किया जाएगा। मंदिर को देश के विभिन्न राज्यों से मंगाए गए फूलों और रंग-बिरंगी लाइटिंग से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। महाशिवरात्रि पर मंदिर में अष्ट प्रहर रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्त पूरे दिन भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे। यह विशेष पूजा श्री दूधेश्वर वेद विद्यालय के आचार्य एवं विद्यार्थीगण द्वारा संपन्न कराई जाएगी।

रुद्राभिषेक के आठ चरण इस प्रकार होंगे:
-प्रथम प्रहर: प्रात: 6:00 बजे से 7:30 बजे तक
– द्वितीय प्रहर: 8:00 बजे से 9:30 बजे तक
– तृतीय प्रहर: 10:00 बजे से 11:30 बजे तक
– चतुर्थ प्रहर: 12:00 बजे से 1:30 बजे तक
– पंचम प्रहर: 2:00 बजे से 3:30 बजे तक
– षष्ठ प्रहर: 4:00 बजे से 5:30 बजे तक
– सप्तम प्रहर: 8:00 बजे से 10:00 बजे तक
– अष्टम प्रहर: 10:00 बजे से 12:00 बजे तक

25 फरवरी को निकलेगी भव्य शिव बारात
महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर 25 फरवरी की रात 9:00 बजे भगवान महादेव की भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। यह बारात दूधेश्वर चौक (जस्सी पुरा) से ढोल-नगाड़ों, नृत्य और भजन-कीर्तन के साथ निकलेगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रात्रि 11:30 बजे दूधेश्वर नाथ मंदिर पहुंचेगी। बारात के बाद भगवान शिव और माता पार्वती की जयमाला का आयोजन किया जाएगा।

सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मंदिर के श्रीमहन्त नारायण गिरि महाराज ने महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर कहा महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह का पर्व है। इस दिन की गई पूजा और जलाभिषेक से भक्तों को असीम पुण्य की प्राप्ति होती है। दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु भगवान दूधेश्वर का रुद्राभिषेक और जलाभिषेक कर सकेंगे। उन्होंने कहा इस वर्ष मंदिर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, जयपुर, हरियाणा, वृंदावन और मथुरा से विभिन्न प्रकार के फूल मंगाए गए हैं, जिससे भगवान शिव का दिव्य फूल बंगला तैयार किया जाएगा। साथ ही, रंग-बिरंगी लाइटिंग से मंदिर परिसर को भव्य रूप दिया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का खाका तैयार
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता की गई है। भक्तों के सुचारु दर्शन और पूजा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिर परिसर में स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। हम सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हैं कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में मंदिर में आकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें और धर्मलाभ लें।