नोएडा। शहर की ट्रैफिक समस्या का निपटारा करने के लिए सीईओ कृष्णा करुणेश ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक सर्वे होगा। प्रमुख चौराहों और व्यस्त सड़कों पर लगने वाले जाम को खत्म कराने के उद्देश्य से अथॉरिटी एक विशेष सर्वे कराने जा रही है। यह सर्वे किसी पेशेवर एजेंसी के माध्यम से कराया जाएगा, जो शहर में जाम लगने वाले सभी प्रमुख स्पॉट की पहचान करेगी और उनके समाधान के लिए ठोस सुझाव देगी।
अथॉरिटी अधिकारियों के अनुसार, सर्वे के दौरान ट्रैफिक का दबाव, सड़कों की चौड़ाई, ट्रैफिक सिग्नल की स्थिति, अतिक्रमण, पार्किंग की समस्या और निर्माण कार्यों जैसे कारणों का गहन अध्ययन किया जाएगा। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन स्थानों पर फ्लाईओवर, अंडरपास, सिग्नल फ्री कॉरिडोर या ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को बेहतर करने की आवश्यकता है।
इस सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार की योजना एनकैप (नेशनल एयर क्लीन प्रोग्राम) के तहत एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। एनकैप योजना का मुख्य उद्देश्य वायु प्रदूषण को कम करना है, जिसमें ट्रैफिक जाम से होने वाले प्रदूषण को भी एक अहम कारण माना गया है। जाम कम होने से वाहनों से निकलने वाला धुआं घटेगा, जिससे शहर की हवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। नोएडा अथॉरिटी के ट्रैफिक सेल विभाग की ओर से इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सर्वे के बाद तैयार प्रस्ताव को केंद्र सरकार को भेजा जाएगा, ताकि योजना के तहत फंड का सहयोग मिल सके। केंद्र से मिलने वाले फंड से शहर में ट्रैफिक सुधार से जुड़े विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। अथॉरिटी का मानना है कि इस पहल से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, बल्कि लोगों को समय की बचत, बेहतर आवागमन और प्रदूषण से राहत भी मिलेगी। आने वाले समय में नोएडा को जाम मुक्त और सुगम यातायात वाला शहर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सीईओ, नोएडा प्राधिकरण
नोएडा में ट्रैफिक जाम अब केवल असुविधा नहीं, बल्कि लोगों के समय, स्वास्थ्य और शहर की उत्पादकता से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए अथॉरिटी ने पेशेवर एजेंसी के माध्यम से एक व्यापक ट्रैफिक सर्वे कराने का निर्णय लिया है। इस सर्वे के जरिए शहर के सभी जाम प्रभावित स्थानों की पहचान कर उनके स्थायी और व्यावहारिक समाधान तैयार किए जाएंगे। हमारा लक्ष्य सिर्फ जाम हटाना नहीं, बल्कि एक ऐसा आधुनिक और सुगम यातायात तंत्र विकसित करना है, जिससे लोगों को बेहतर आवागमन, समय की बचत और स्वच्छ वातावरण मिल सके। एनकैप योजना के तहत तैयार होने वाली कार्ययोजना से ट्रैफिक से होने वाले प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी।
कृष्णा करुणेश
सीईओ, नोएडा प्राधिकरण
















