सीईओ कृष्णा करुणेश ने संभाली कमान, पुश्ता रोड की बदहाली खत्म करने को नोएडा प्राधिकरण का मास्टर प्लान

-गड्ढों और जलभराव से जूझ रहे मार्ग की त्वरित मरम्मत से मिलेगी राहत
-एलीवेटेड रोड परियोजना से जाम मुक्त और सुगम यातायात का रास्ता
-सिंचाई विभाग से एनओसी प्रक्रिया शुरू, सेक्टर-94 की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश शहर की समस्याओं को दूर करने में जुट गए हैं। चाहे छोटी समस्या हो या बड़ी, सभी पर उनकी नजर है। वह एक-एक कर समाधान कराने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। अब सेक्टर-94 स्थित पुश्ता रोड की बदहाल स्थिति को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने दोहरी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। एक ओर सड़क की तत्काल मरम्मत और री-सर्फेसिंग की तैयारी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर भविष्य में इस मार्ग को एलीवेटेड रोड के रूप में विकसित करने की योजना पर गंभीरता से विचार हो रहा है। प्राधिकरण का मानना है कि मौजूदा मरम्मत कार्य अल्पकालिक राहत देगा, जबकि एलीवेटेड रोड दीर्घकालिक ट्रैफिक समाधान साबित होगी।

नोएडा के सेक्टर-94 पुश्ता रोड लंबे समय से गड्ढों, टूटे किनारों और जलभराव की समस्या से जूझ रही है। विशेषकर बरसात के मौसम में यहां हालात और बिगड़ जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों की लगातार शिकायतों के बाद प्राधिकरण ने पहले चरण में सड़क की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है ताकि लोगों को तुरंत राहत मिल सके। इसके साथ ही इस मार्ग को एलीवेटेड रोड में बदलने की संभावनाओं पर भी काम शुरू कर दिया गया है। चूंकि यह सड़क सिंचाई विभाग की जमीन और संरचनाओं के आसपास से गुजरती है, इसलिए किसी भी स्थायी निर्माण से पहले विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य है।

प्राधिकरण ने इस संबंध में औपचारिक रूप से सिंचाई विभाग से एनओसी की मांग कर दी है। प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने बताया कि एनओसी मिलते ही एलीवेटेड रोड का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। योजना के तहत एलीवेटेड रोड बनने से ट्रैफिक दबाव कम होने, जाम की समस्या घटने और सेक्टर-94 सहित आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों उपायों के जरिए क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

कृष्णा करुणेश
सीईओ, नोएडा प्राधिकरण

सेक्टर-94 पुश्ता रोड की वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण ने त्वरित और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर कार्य योजना तैयार की है। तत्काल राहत के लिए सड़क की मरम्मत एवं री-सर्फेसिंग कराई जा रही है, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके। साथ ही भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग को एलीवेटेड रोड के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। संबंधित विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होते ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ट्रैफिक दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी।
कृष्णा करुणेश
सीईओ, नोएडा प्राधिकरण