चक्का जाम : दिल्ली में 10 मेट्रो स्टेशन बंद

एहतियातन 50 हजार सुरक्षा बलों की तैनाती

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के देशव्यापी चक्का जाम के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में 50 हजार सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। ड्रोन के जरिए माहौल पर नजर रखी जा रही है। एहतियात के तौर पर 10 मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है। किसानों का चक्का जाम का कार्यक्रम दोपहर 12 से 3 बजे तक है। दिल्ली में विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन, मंडी हाउस, आईटीओ, लाल किला, जामा मस्जिद, जनपथ, केंद्रीय सचिवालय और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एक्सिट गेट को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा टिकरी बॉर्डर पर 21 लेयर की सुरक्षा है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग और कटीले तार लगाए गए हैं। लाल किला के पास भी सुरक्षा में वृद्धि की गई है। भारी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों को वहां तैनात किया गया है। रिजर्व में भी पुलिस फोर्स को रखा गया है। चक्का जाम से दिल्ली-यूपी और उत्तराखंड को अलग रखा गया है। किसान संगठनों का कहना है कि विरोध-प्रदर्शन पूर्णत: व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा के मुताबिक देशभर में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को दोपहर 12 से 3 बजे तक जाम किया जाएगा। इस दौरान इमरजेंसी और आवश्यक सेवाओं जैसे एंबुलेंस, स्कूल बस आदि को नहीं रोका जाएगा। किसान मोर्चा ने कहा है कि चक्का जाम पूरी तरह से शांतिपूर्ण और अहिंसक रहेगा। गाजीपुर और सिंघु बॉर्डर पर भी पुलिस फोर्स मुस्तैद है। वहां किसानों का धरना चल रहा है। उधर, दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र आदि राज्यों में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल तैनात हैं। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश मिले हैं।