आज यूपी गेट पर समर्थकों संग पहुंचेंगे एएसपी प्रमुख
नई दिल्ली। कृषि कानून के खिलाफ जारी किसान आंदोलन को आजाद समाज पार्टी (एएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने भी समर्थक देने का ऐलान किया है। चंद्रशेखर मंगलवार को समर्थकों के साथ यूपी गेट पर पहुंचेंगे। यह जानकारी आजाद समाज पार्टी के संस्थापक सदस्य विजय कुमार जाटव ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। सत्ता के मद में चूर सरकार टस से मस होने को राजी नहीं है। उन्होंने बताया कि किसानों के समर्थन में चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को यूपी गेट पर पहुंचेंगे। बता दें कि कृषि कानून के खिलाफ किसान पिछले 5 दिन से आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को भी दिनभर किसानों ने दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन किए। आंदोलनकारियों को मनाने की सरकार की कोशिशें विफल रही हैं। सिंघु और टिकरी बॉर्डर के अलावा दिल्ली-यूपी बॉर्डर के पास भी किसानों का जमावड़ा है। किसानों का नया नारा अब दिल्ली चलो नहीं बल्कि दिल्ली घेरो है। दिल्ली के 5 प्वाइंट पर किसानों ने धरना देने का निर्णय लिया है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है। बुराड़ी कोई व्हाइट हाउस नहीं है कि किसान वहां चले जाएं। उनका कहना है कि सरकार को बॉर्डर पर आकर बातचीत करनी होगी। किसान न तो दिल्ली पुलिस द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन स्थल पर जा रहे हैं और ना दिल्ली बॉर्डर से हटने को तैयार हैं। ऐसे में सरकार की परेशानी बढ़ी हुई है। किसानों का आंदोलन अब दिल्ली और उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर आरंभ हो गया है। यूपी गेट पर गाजीपुर के पास उत्तराखंड के किसान भी पहुंच गए। किसानों ने वहां हंगामा कर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। बॉर्डर पर अफरा-तफरी का आलम देखने को मिला। यातायात सामान्य न होने से नागरिकों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।















