ठगी : टीवी कलाकार सलमान जाफरी गिरफ्तार

देहरादून पुलिस की सूचना पर मुंबई में कार्रवाई

मुंबई। क्राइम ब्रांच की टीम ने टीवी कलाकार सलमान जाफरी को ठगी करने पर गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सलमान ने वृद्धा को डरा-धमका कर 5 लाख रुपए ऐंठ लिए थे। नकली पुलिस अफसर बनकर इस घटना को अंजाम दिया गया था। देहरादून पुलिस की सूचना पर मुंबई क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक टीवी कलाकार सलमान जाफरी की गिरफ्तारी की गई है। सलमान ने छत्रपति राजा शिवाजी, सावधान इंडिया जैसे टीवी धारावाहिक के अलावा फिल्म गुलमकई और बहनचोर में भी चरित्र अभिनेता की भूमिका निभाई थी। पूछताछ में सलमान ने पुलिस को बताया कि वृद्धों से ठगी करने के लिए वह नकली पुलिस अधिकारी बनता था। ठगी को अंजाम देने के मकसद से वह हवाई जहाज से चंडीगढ़, देहरादून और उत्तर भारत के विभिन्न शहरों में जाता था। घटना को अंजाम देने के बाद वह वापस मुंबई आ जाता था। क्राइम ब्रांच ने बताया कि सलमान जाफरी (40) ने गत 3 दिसंबर को देहरादून के पटेल नगर में वृद्धा के साथ ठगी की थी। आरोप है कि सलमान ने वृद्धा को डरा-धमका कर 5 लाख रुपए हड़प लिए थे। देहरादून पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए इस घटना के आरोपी के मुंबई में छुपे होने की जानकारी जुटाई। तदुपरांत देहरादून पुलिस ने मुंबई क्राइम ब्रांच को सूचना दी। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-8 ने जांच-पड़ताल कर ओशिवारा में सलमान जाफरी का ठिकाना खोज निकाला। वहां छापा मारकर सलमान को दबोच लिया गया। क्राइम ब्रांच के डीसीपी अकबर पठान ने बताया कि आरोपी सलमान के विरूद्ध उत्तराखंड में 2 और नागपुर में 3 अपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद सलमान को उत्तराखंड पुलिस को सौंप दिया गया है। सलमान के साथी की तलाश की जा रही है। बता दें कि सावधान इंडिया में सत्य घटनाओं पर आधारित सीरियल दिखाए जाते हैं।