चुनावी रैली में खलल, मुख्यमंत्री का फिर विरोध

नीतीश कुमार पर फेंके गए प्याज और पत्थर

पटना। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुनावी रैली में एक बार फिर खलल डालने की कोशिश की गई। चुनावी रैली को संबोधित करते समय नीतीश कुमार की तरफ प्याज और कंकड़ फेंका गया। इससे एकाएक अफरा-तफरी मच गई। सिक्योरिटी दल ने मुख्यमंत्री नीतीश के आस-पास घेरा बना लिया। बाद में नीतीश ने भी विरोधियों को दो टूक जवाब देने में देरी नहीं की। उन्होंने कहा कि फेंकने दो, जितना फेंकना है फेंकने दो। बिहार में विधान सभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार जोरों पर चल रहा है। बिहार में 2 चरण की मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए सभी राजनीतिक दल खूब जोर-आजमाइश करने में लगे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को मधुबनी के हरलाखी विधान सभा क्षेत्र में पहुंचे। ऐसे में उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। चुनावी रैली को संबोधित करने के दौरान नीतीश कुमार पर भीड़ में से किसी ने प्याज और कंकड़ फेंक दिया। प्याज फेंकने वाले युवक ने नारेबाजी कर कहा कि शराब खुलेआम बिक रही है और तस्करी हो रही है, मगर आप कुछ नहीं कर पा रहे हैं। बाद में नीतीश कुमार के सुरक्षा कर्मियों ने संबंधित युवक को रोकने का प्रयास किया, मगर नीतीश यह कहते नजऱ आए कि फेंकने दो, जितना फेंकना है फेंकने दो। तदुपरांत उन्होंने अपने संबोधन को आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार आने के बाद रोजगार के अवसर पैदा होंगे। किसी को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। बता दें कि इसके पहले मुजफ्फरपुर की रैली में भी नीतीश के सामने कुछ नागरिकों ने लालू यादव जिंदाबाद के नारे लगाए थे। तब नीतीश ने कहा था कि जिसके जिंदाबाद के नारे लगा रहे हो, उसे ही सुनने जाओ, यहां क्यों आए हो। बिहार में 10 नवम्बर को मतगणना के बाद विधान सभा चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।