-मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन उड़ान पर सख्त रोक
-नोएडा एयरपोर्ट में निर्माण और यात्री सुविधाओं की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्यान्वयन के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद/ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कल गुरूवार को मुरादनगर और नोएडा एयरपोर्ट दौरा प्रस्तावित है। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। कमिश्नरेट पुलिस ने 10 थाना क्षेत्रों को नो-ड्रोन और अस्थाई रेड जोन घोषित कर दिया है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था आलोक प्रियदर्शी ने बुधवार को इस निषेधाज्ञा को लागू किया, जो 27 नवंबर की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत मुरादनगर, मसूरी, वेवसिटी, कविनगर, मधुबन बापूधाम, सिहानी गेट, नंदग्राम, इंदिरापुरम, कौशांबी और साहिबाबाद थाना क्षेत्र पूरी तरह से नो-ड्रोन घोषित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की उडऩे वाली वस्तु का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि मीडिया कर्मियों और आयोजकों को ड्रोन या अन्य उडऩे वाली वस्तु का इस्तेमाल करने के लिए स्थानीय थाने और संबंधित पुलिस उपायुक्त से अनुमति लेना अनिवार्य है। आदेश का उल्लंघन करने पर ड्रोन नष्ट किया जाएगा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मुरादनगर दौरा धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है। वहीं, ग्रेटर नोएडा में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निरीक्षण उनके दौरे का दूसरा अहम चरण होगा। मुख्यमंत्री दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हेलीकॉप्टर के माध्यम से एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
सूत्रों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के निर्माण कार्य, टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे तैयारियों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा, अधिकारियों से परियोजना की समयबद्धता, सुरक्षा मानक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं पर विस्तृत जानकारी ली जाएगी। निरीक्षण के उपरांत एक समीक्षा बैठक भी होगी, जिसमें यमुना प्राधिकरण और एयरपोर्ट संचालक कंपनी के अधिकारी शामिल होंगे। इस मौके पर जिला प्रशासन और एयरपोर्ट प्राधिकरण ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए रोड, पार्किंग, हेलिपैड और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया है कि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा प्रबंधों के तहत न केवल ड्रोन उड़ान पर रोक लगी है, बल्कि सभी संवेदनशील स्थलों और सरकारी प्रतिष्ठानों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने आयोजकों और मीडिया को निर्देश दिए हैं कि किसी भी फोटोग्राफी या वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से शहरवासियों को विकास परियोजनाओं और सुरक्षा मानकों की वास्तविक स्थिति जानने का अवसर मिलेगा। इस दौरे के माध्यम से प्रशासनिक तंत्र और संबंधित विभागों को भी अपने कार्यों को समयबद्ध और कुशलतापूर्वक पूरा करने का संदेश दिया जाएगा।
















