-संबंधित विभागों को डीए ने जनपद की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के दिए निर्देश
-आदेशों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त प्रशासनिक कार्यवाही
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद की सड़कों को गड्ढा मुक्त किए जाने के आदेश के क्रम में जिला प्रशासन ने अब कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आदेश के तहत जनपद की सड़कों को संबंधित विभाग गड्ढा मुक्त बनाए। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायती राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रामराजा, केबी सिंह, लोनी नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी केके मिश्रा, मोदीनगर नगर पालिका परिषद के ईओ एनएम मिश्रा, जल निगम के अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, जीडीए के अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार, एनएचएआई के अधीक्षण अभियंता सिद्वार्थ गौतम आदि विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें,गलियां बनाने वाले सभी विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से जाना कि उनकी कितनी सड़कें और गलियां गड्ढा मुक्त हैं या नहीं। कितनी ऐसी सड़कें,गलियां हैं, जिनमें गड्ढे हैं और कितने मीटर व किलोमीटर तक हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जल्द से जल्द सड़कों और गलियों को गड्ढा मुक्त किया जाए। इसके लिए संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भी समय लिया गया। उक्त सभी जानकारी 4 पेज पर संबंधित अधिकारी व प्रतिनिधि से लिखित में लिया गया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल को पत्र प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद की सभी सड़कों,गलियां गड्ढा मुक्त होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग अपनी-अपनी सड़कों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गड्ढा मुक्त कराएं। उन्होंने कहा कि गन्ना विभाग की सड़कों को पीडब्ल्यूडी गड्ढा मुक्त करेंगे।
जिन विभागों द्वारा अपने विभागीय कार्य को पूर्ण करने के लिए दूसरे विभाग की सड़कों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वह आपस में समन्वय बनाते हुए सड़कों को दुरूस्त कराएं। अमृत-2 योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों के पूरा होते ही सड़कों और गलियों को भी तुरंत ठीक कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि इसमें किसी भी विभाग द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने पर उनके खिलाफ मुख्यमंत्री के आदेशों का उल्लंघन व अवहेलना करना मानते हुए उच्चाधिकारियों द्वारा सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जल निगम,पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों पर सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नवनिर्मित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के निरीक्षण के लिए दो सदस्यीय टीम गठित भी गई।

















