मुख्यमंत्री युवा विकास अभियान: ऋण वितरण की धीमी प्रक्रिया पर सीडीओ ने जताई नाराजगी

-बैंक लोन के आवेदनों का जल्द कराए निस्तारण: अभिनव गोपाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा विकास अभियान के अंतर्गत 21 से 40 वर्ष के युवाओं को 5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इस योजना के तहत इच्छुक युवा msme.up.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शासन द्वारा इस योजना की नियमित गहन समीक्षा की जा रही है और जनपदों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा बैंकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रेषित आवेदनों पर शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही करें तथा लंबित आवेदनों की समीक्षा कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।

शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल द्वारा एसबीआई की एसएमईसीसी शाखा, बुलंदशहर रोड गाजियाबाद में समीक्षा बैठक की गई, जिसमें एसबीआई के सहायक महाप्रबंधक, क्षेत्रीय प्रबंधक, मुख्य शाखा प्रबंधक, केनरा बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक एवं उपायुक्त उद्योग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक में यह जानकारी दी गई कि एसबीआई को प्रेषित 213 आवेदनों में से 187 आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं, जबकि केवल 22 आवेदनों को स्वीकृति मिली है और मात्र 12 पर ऋण वितरित किया गया है।

स्वीकृत आवेदनों की कम संख्या और निरस्तीकरण की अधिक संख्या पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने बैंकों को निर्देश दिए कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर ऋण वितरण की प्रक्रिया तेज करें और बिना उचित कारण के किसी भी आवेदन को निरस्त न करें। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा अगले सप्ताह एक और समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।