-आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर एक सप्ताह में कार्यप्रणाली में करे सुधार: डॉ नितिन गौड़
गाजियाबाद। मोरटा एवं रेत मंडी स्थित कचरा प्रोसेसिंग यूनिट का गुरुवार को नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के साथ औचक निरीक्षण किया। जिसमें मौके पर मशीनों द्वारा कचरे का प्रोसेस होता हुआ पाया गया। कार्य की गति को देखते हुए नगर आयुक्त ने असंतोष व्यक्त किया। संबंधित फर्म के ठेकेदार को कड़े निर्देश देते हुए कार्यप्रणाली की रफ्तार बढ़ाने के लिए कहा, साथ ही आधुनिक उपकरणों की संख्या को भी बढ़ाने के निर्देश दिए।
शहर के कचरा निस्तारण की प्रक्रिया में नगर निगम अहम भूमिका निभा रहा है। महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के निर्देशन में कई योजनाएं सफल हो रही है। इसी क्रम में नगर आयुक्त द्वारा मोरटा स्थित कचरा प्रोसेसिंग यूनिट का जायजा लिया गया। वहां की व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित करने के लिए सख्त निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। शहर के कचरे का प्रोसेस ससमय ना होने की दशा में फर्म के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत रेत मंडी गार्बेज फैक्ट्री का भी जायजा लिया।

मौके पर निरीक्षण के दौरान संबंधित फर्म से अतुल सिंघल द्वारा अपना पक्ष रखते हुए मानसून में हो रही परेशानी के बारे में अवगत कराया। जिसमें कचरा प्रोसेसिंग में आने वाली समस्याओं के बारे में भी बताया गया। नगर आयुक्त ने आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल करने के लिए 1 सप्ताह का समय देते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। शहर के कचरे का निस्तारण से समय होना बेहद आवश्यक है।
जिसके लिए नगर निगम द्वारा बेहतर कार्यवाही होनी स्वाभाविक है। नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण तथा फटकार के बाद फर्म के रिप्रेजेंटेटिव द्वारा 1 सप्ताह में कार्यप्रणाली सुधार के लिए आश्वस्त किया। नगर आयुक्त द्वारा फर्म पर नजर बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भी निर्देशित किया। 1 सप्ताह में कार्यप्रणाली की रफ्तार ना बढऩे की दशा में नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश जारी किए।
















