उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा का हुआ समापन

उदय भूमि संवाददाता
नई दिल्ली। रेलवे द्वारा दिल्ली मंडल में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा का मंगलवार को समापन हो गया। इसके अंतिम दिन स्वच्छ जागरूकता रैली निकाली गई। ऐसे में यात्रियों से हस्ताक्षर अभियान तथा पिकअप एंड रन अभियान के दौरान कूड़े को एकत्र किया गया। दिल्ली मंडल में स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता की थीम के साथ 17 सितम्बर से एक अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान भी चलाया गया। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने कार्यक्रम का शुभारम्भ कर्मचारियों एवं यात्रियों को स्वच्छता शपथ दिलाकर किया। इसके उपरांत सफाई एवं स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।

स्वच्छता ही सेवा अभियान के दौरान दिल्ली मंडल में कुल 65 स्टेशनों पर यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 16,225 कर्मचारियों और यात्रियों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई तथा 12 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का मंचन कर कर्मचारियों एवं यात्रियों को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान कुल 69 किलोमीटर ट्रैक पर से कूड़े को उठाकर साफ किया गया तथा 25 गाड़ियों और 11 रेलवे कॉलोनियों में यह सफाई अभियान चलाया गया। स्वच्छ प्रसाधन एवं स्वच्छ वातावरण अभियान के तहत स्टेशनों, कोचिंग डिपो, गाड़ियों, अस्पतालों, कार्यस्थल और आस पास के क्षेत्र में स्थित सभी शौचालयों की गहन सफाई की गई।