-डिप्टी सीईओ ने मोहन नगर से हिंडन एयर फोर्स चौराहे तक सड़क कार्यों का लिया जायजा
-अंडरग्राउंड पानी, बिजली और ओएफसी से भविष्य में सड़क खुदाई की समस्या से बचाव
-फुटपाथ और सौंदर्यीकरण पर भी जोर, यातायात बाधित न करने के लिए मॉनिटरिंग जारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोहन नगर जोन अंतर्गत चल रहे मुख्यमंत्री ग्रिड (सीएम ग्रिड) फेस-1 के कार्यों का सोमवार को अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी (यूरिडा), नगर विकास उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीईओ अरविंद श्रीवास्तव ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को आगामी तीन माह के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के समय मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, अधिशासी अभियंता देशराज, सहायक अभियंता गणेसी लाल, अवर अभियंता विनोद सहित निर्माण विभाग की टीम मौके पर उपस्थित रही। डिप्टी सीईओ द्वारा मोहन नगर चौराहे से हिंडन एयर फोर्स चौराहे तक लगभग 1.72 किलोमीटर लंबी सड़क पर चल रहे सीएम ग्रिड फेस-1 के कार्यों का जायजा लिया गया। इसके साथ ही नागद्वार से हिंडन एलिवेटेड रोड तक लगभग एक किलोमीटर सड़क के कार्य का चार्ज भी लिया गया।
अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि नागद्वार से एलिवेटेड रोड तक का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, जबकि मोहन नगर चौराहे से हिंडन एयर फोर्स चौराहे तक चल रहे कार्यों में अवस्थापना सुविधाओं को पूरी तरह अंडरग्राउंड किया जा चुका है। इस मार्ग पर पानी और बिजली की लाइन के साथ-साथ ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) को भी भूमिगत किया गया है, जिससे भविष्य में सड़क खुदाई की समस्या से बचा जा सके। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से दोनों प्रमुख सड़कों के सुधार का कार्य तेजी से प्रगति पर है। सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत सड़क को पूर्ण रूप से व्यवस्थित करने के साथ-साथ पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुटपाथों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा सड़क के सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था के साथ-साथ दृश्य स्वरूप में भी सुधार होगा।
मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि ग्रैप हटते ही कार्यों की गति और तेज कर दी जाएगी तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह तक परियोजना को पूर्ण करने की योजना के तहत निर्माण कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशों के क्रम में सीएम ग्रिड फेस-1 के कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि निर्माण कार्यों के दौरान यातायात बाधित न हो और आमजन को न्यूनतम असुविधा का सामना करना पड़े। इसके साथ ही मोहन नगर जोन के अलावा इंदिरापुरम क्षेत्र में भी सीएम ग्रिड फेस-2 के कार्यों को योजना के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है। इस कार्य में क्षेत्रीय निवासियों का सहयोग नगर निगम को मिल रहा है, जिसे अधिकारियों द्वारा सराहनीय बताया गया।
















