CM Grid Yojana से बदलेगी सड़कों की सूरत, मोहननगर और वसुंधरा जोन में शुरू हुआ जीर्णोद्धार कार्य

• शहर की सड़कों का होगा सौंदर्यीकरण: विक्रमादित्य सिंह मलिक
• नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया मोहन नगर चौराहे के विकास कार्यों का निरीक्षण
• सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर के प्रमुख मार्गों का होगा विकास
• मोहन नगर, वसुंधरा और इंदिरापुरम में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से होगा कार्य
• वैशाली सेक्टर-4, 5, हर्षवर्धन मार्ग, ईडीएम मॉल मार्ग समेत कई सड़कें शामिल
• काला पत्थर क्षेत्र से जुड़े मार्गों का भी होगा सौंदर्यीकरण
• नगर निगम लगातार कर रहा है कार्यों की मॉनिटरिंग, जल्द शुरू होगी नई परियोजनाएं

उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड योजना) के तहत शहर के प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य तेजी से किया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने गुरुवार को मोहन नगर चौराहे पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलकल विभाग और विद्युत विभाग के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने निर्माण स्थल पर इस्तेमाल हो रही सामग्री की भी जांच की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी सहित निर्माण से जुड़ी अन्य टीमों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने कहा कि यह परियोजना शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे तय समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। नगर निगम लगातार इन कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि योजना के तहत सड़कें सुंदर और सुरक्षित बनाई जा सकें।

कार्य में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि कहीं कोई समस्या आती है तो उसे तत्काल हल किया जाए ताकि परियोजना में किसी भी प्रकार की देरी न हो। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत शहर की सड़कों को अधिक सुंदर, सुव्यवस्थित और टिकाऊ बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस योजना से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि प्रदूषण भी कम होगा।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया सीएम ग्रिड योजना के तहत गाजियाबाद शहर के प्रमुख मार्गों का विकास और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। मोहन नगर चौराहा और एलिवेटेड रोड समेत अन्य सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। वसुंधरा जोन में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से कई महत्वपूर्ण मार्गों को इस योजना में शामिल किया गया है। वैशाली सेक्टर-4, 5 की सड़कें, हर्षवर्धन मार्ग, ईडीएम मॉल मार्ग, चौधरी चरण सिंह मार्ग समेत कई अन्य मार्गों को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसी के साथ, काला पत्थर क्षेत्र से जुड़े प्रमुख मार्गों को भी योजना में शामिल किया गया है। नगर निगम इन सभी कार्यों की सतत मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि गाजियाबाद को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।

मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया नगर आयुक्त और महापौर के निर्देशानुसार, मोहन नगर जोन में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के कार्य प्रगति पर हैं। वसुंधरा और इंदिरापुरम क्षेत्रों में भी आगामी दो माह में कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की जा चुकी है और टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। नगर निगम की निर्माण टीम लगातार परियोजना की निगरानी कर रही है ताकि सभी कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा सकें। गाजियाबाद के मुख्य मार्गों को एक नया और आकर्षक स्वरूप देने के लिए निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
————-
मुख्य बिंदु:
• मोहन नगर और एलिवेटेड रोड का निरीक्षण किया गया।
• वैशाली सेक्टर-4, 5, हर्षवर्धन मार्ग, ईडीएम मॉल मार्ग, चौधरी चरण सिंह मार्ग योजना में शामिल।
• काला पत्थर से जुड़े मार्ग- कावेरी मार्ग, सुशील नैयर मार्ग, शिप्रा मॉल मार्ग, शाहिद कैप्टन मनोज पांडे मार्ग, कस्तूरबा गांधी मार्ग आदि का सौंदर्यीकरण होगा।
• टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, और आगामी दो माह में वसुंधरा व इंदिरापुरम क्षेत्र में कार्य शुरू होगा।