यमुना प्राधिकरण के स्टॉल पर पहुंचे सीएम योगी एयरपोर्ट सहित अन्य परियोजनाओं के बारे में ली जानकारी

प्रगति मैदान पर चल रहे 41वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंचे योगी ने यूपी पवेलियन में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया।

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली/ग्रेटर नोएडा। दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे 41 वें विश्व व्यापार मेले में यमुना प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश पवेलियन में अपना स्टॉल लगाया है। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना प्राधिकरण के स्टॉल का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने स्टॉल में प्रदर्शित परियोजनाओं का अवलोकन किया और यमुना प्राधिकरण की औद्योगिक विकास सहित सरकार की महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को लेकर विस्तार से जानकारी ली। यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी रविन्द्र सिंह (एसीईओ) ने मुख्यमंत्री योगी का स्वागत करते हुए प्राधिकरण की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री के दिल्ली आगमन से पूर्व बुधवार सुबह मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल और यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह नोएडा इंटरनेशनल एअरपोर्ट साइट पर पहुंचे और एयरपोर्ट के निर्माण कार्य की अब तक की प्रगति की समीक्षा की। अपर मुख्य सचिव और सीईओ ने जेवर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति के बारे में भी समीक्षा की।


सीएम योगी बुधवार दोपहर प्रगति मैदान पर चल रहे 41वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंचे। वहां उन्होंने यूपी पवेलियन में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया। सीएम ने कारीगरों, हस्तशिल्पियों से बात कर उनकी हौसलाअफजाई भी की। योगी ने कहा कि 5 वर्ष के अंदर यूपी के परंपरागत उत्पाद को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के अनेक प्रयास हुए। इसके लिए हमने पहले मैपिंग कराई, फिर हर जिले के एक उत्पाद को चिह्नित कर डिजाइनिंग, मार्केटिंग, ब्रांडिंग व पैकेजिंग के लिए प्रोत्साहन दिया। हस्तशिल्पियों का प्रशिक्षण कराया। इस दौरान भी उन्हें मानदेय दिया। टूलकिट उपलब्ध कराए गए। प्रदर्शनियों में लाने और ले जाने के लिए हरसंभव सहयोग किया गया। उसका परिणाम है कि यूपी एक्सपोर्ट का हब बना है। सीएम ने बताया कि 2017-18 में यूपी का एक्सपोर्ट 86 हजार करोड़ का था, अब एक लाख 56 हजार करोड़ से अधिक का हो चुका है।


यूपी पवेलियन का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के स्टॉल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यमुना प्राधिकरण द्वारा स्टॉल में दर्शाई गई परियोजनाओं के संबंध में जानकारी ली। प्राधिकरण के एसीईओ रविन्द्र सिंह ने प्राधिकरण की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से सीएम को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के संबंध में भी पूरी जानकारी ली। यमुना प्राधिकरण की अंतर्राष्ट्रीय फिल्म सिटी परियोजना के संबंध में जानकारी देते हुए एसीईओ ने बताया कि परियोजना की अंतर्राष्ट्रीय निविदा निकाली जा चुकी है। यमुना प्राधिकरण ने अपने स्टॉल में जेवर एयरपोर्ट, मेडिकल डिवाइस पार्क, फिल्म सिटी, अपैरल पार्क, ट्वाय पार्क समेत सभी बड़ी परियोजनाओं को जगह दी है। मुख्यमंत्री को मेडिकल डिवाइस पार्क की प्रगति के साथ हेरिटेज सिटी तथा लॉजिस्टिक पार्क परियोजना की अब तक की प्रगति से भी अवगत कराया गया।