देवी-देवताओं पर टिप्पणी, कॉमेडियन गिरफ्तार

कॉमेडी शो में खफा दर्शकों का जमकर हंगामा

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में आयोजित कॉमेडी शो में हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी किए जाने पर बवाल मच गया। नाराज दर्शकों ने शो को बीच में रूकवा कर जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने कॉमेडिन मुनव्वर फारुकी सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। कॉमेडी शो में हिंदू देवी-देवताओं के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति अभद्र टिप्पणी की गई थी। पुलिस के मुताबिक इंदौर शहर के 56 दुकान क्षेत्र के कैफे में कॉमेडी शो आयोजित किया गया था। शो में भाजपा विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ कुछ साथियों के साथ बतौर दर्शक पहुंचे थे। एकलव्य हिंद रक्षक नामक संगठन के संयोजक भी हैं। एकलव्य व उनके साथियों ने शो में कुछ टिप्पणियों के विरोध में जमकर हंगामा कर कार्यक्रम को रूकवा दिया। तुकोगंज पुलिस ने बताया कि वीडियो फुटेज के साथ एकलव्य की लिखित शिकायत पर गुजरात के जूनागढ़ निवासी हास्य कलाकार मुनव्वर फारुकी और 4 नागरिकों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी। पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, भाजपा विधायक के बेटे एकलव्य ने बताया कि वह अपने कुछ साथियों के साथ बाकायदा टिकट खरीद कर कॉमेडी शो में पहुंचे। जहां फारुकी को बतौर मुख्य कॉमेडियन बुलाया गया था। इस शो में अभद्र टिप्पणियां कर हिंदू देवी-देवताओं का उपहास उड़ाया जा रहा था। कार्यक्रम में गोधरा कांड और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का अनुचित जिक्र भी किया गया था। उधर, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज को देखा गया है। आरोपियों के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, यह मामला शहर में एकाएक सुर्खियों में आ गया है।