पटेलमार्ग पर बनेगी कॉमर्शियल मार्केट, तिगरी गोल चक्कर का होगा सौंदर्यीकरण: सुनीता दयाल

-महापौर ने नगर निगम अधिकारियों के साथ कई स्थानों पर किया निरीक्षण

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा पटेल मार्ग स्थित रोहन मोटर के सामने नगर निगम की भूमि पर कॉमर्शियल मार्केट का निर्माण किया जाएगा। मंगलवार को महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम के चीफ इंजीनियर निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी एवं टीम के साथ इसका निरीक्षण किया। इसके अलावा एनएच-9 से तिगरी गोल चक्कर तक का सौंदर्यीकरण कराने के लिए इसका मौके पर निरीक्षण किया। महापौर ने तिगरी गोल चक्कर पर किए गए अवैध कब्जे को लेकर संपत्ति अधीक्षक को फटकार लगाते हुए कब्जा हटाने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि शहर को सुंदर बनाने और नगर निगम की आय बढ़ाने पर कार्य किया जा रहा है। निगम की भूमि बचाने और नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए महापौर लगातार क्षेत्रों में जायजा भी ले रही है। इसी क्रम में मंगलवार को महापौर ने चीफ इंजीनियर के साथ विजयनगर जोन क्षेत्र में तिगरी गोल चक्कर,पुराने शहर और पटेलमार्ग स्थित रोहन मोटर्स के सामने नगर निगम की रिक्त भूमि का निरीक्षण किया।

उन्होंने निरीक्षण करते हुए कहा कि विजय नगर में एनएच-9 से तिगरी गोल चक्कर तक सड़क के दोनों तरफ  सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। जिसमे सड़क,ग्रीन बेल्ट और साज सज्जा का कार्य किया जाना हैं। इससे शहर में प्रवेश करते समय सुंदर दिखाई पड़े। गाजियाबाद शहर के प्रति अच्छा संदेश भी मिलेगा। इसकी मौके पर महापौर ने रूपरेखा देखते हुए नक्शे पर तैयार कर ली गई। जल्द ही कार्ययोजना के साथ कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा पटेलमार्ग स्थित रोहन मोटर्स के सामने नगर निगम की रिक्त भूमि पड़ी है। यहां पर नगर निगम कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी कर रहा है। निरीक्षण के दौरान कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराने की भूमिका तैयार की जाएगी। जिससे नगर निगम की आय में वृद्धि होगी और शहरवासियों को व्यापार करने के लिए स्थान मिलेगा।

महापौर ने निरीक्षण के दौरान देखा कि विजय नगर में तिगरी गोल चक्कर पर कुछ समय पहले जो अतिक्रमण हटाकर भूमि कब्जामुक्त कराई गई। वहां पर फिर कब्जा कर लिया गया। महापौर ने इस पर संपत्ति विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्हें बताया कि यहां पर दोबारा कब्जा हो गया है। तुम क्या कर रहे थे। किसकी जिम्मेदारी है कब्जा हटवाने की। इस कब्जे को जल्द हटाकर भूमि की देखरेख रोजाना करें। महापौर ने बताया कि शहर को सुंदर बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिसमे सभी की भूमिका अहम है,शहर के प्रति प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपना शहर साफ  रखें,गंदगी न होने दें। जिस प्रकार शहर को साफ  स्वच्छ रखने का कार्य किया जा रहा है। उसमें जनता के सहयोग की भी आवश्यकता हैं। नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए पूर्व में भी कार्य किया गया। इसी प्रकार आगे भी किया जाएगा। कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करने के लिए योजना तैयार की जा रही है। इससे नगर निगम की आय में वृद्धि होगी।