गाजीपुर सीमा पर भारी पुलिस बल की तैनाती
नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर यातायात बाधित कर दिया। यूपी गेट की तरफ आ रहे किसानों की ट्रॉलियां रोके जाने से नाराज होकर किसानों ने हाईवे पर यातायात को रोक दिया। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों ने सोमवार को भी एनएच-9 पर यातायात बाधित कर दिया था। उग्र किसानों ने उत्तर प्रदेश को दिल्ली से जोडऩे वाली गाजीपुर सीमा पर एनएच-9 पर यातायात बाधित कर दिया। इससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। किसानों का आरोप है कि कुठार और पूरणपुर इत्यादि में यूपी गेट आ रहे किसानों की पुलिस ने ट्रॉलियां रोक दी हैं। इसके बाद किसानों ने एनएच-9 को पूरी तरह से बंद कर दिया। एनएच-9 दिल्ली को मेरठ से जोड़ती है। इसके गाजीपुर बॉर्डर पर किसान विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, हाईवे पर जाम लगने के बाद प्रशासन ने आनन-फानन में रूट डायवर्ट कर दिया। उधर, किसान आंदोलन के समर्थन में मुंंबई में भी विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया। इन संगठनों ने कृषि कानूनों को वापस लेने की पुरजोर मांग की। इन संगठनों ने बांद्रा कलेक्टर कार्यालय से रिलायंस कॉपोरेट कार्यालय तक मार्च निकाला। मार्च के रूप में काफी संख्या में नागरिक डॉ. बाबा साहब अम्बेडकर उद्यान में पहुंचे। वहां सभा कर सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की गई। उद्यान के चारों तरफ बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। सभी रास्तों को भी बंद कर दिया गया है। उधर, दिल्ली में किसानों के सत्याग्रह को समर्थन देने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट की महिला वकील फोरम ने उपवास रखने का फैसला किया है। इस बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि किसानों को सरकार के साथ बातचीत के जरिए यह मुद्दा सुलझाना चाहिए। तीनों कानूनों में संशोधन करने के लिए सरकार तैयार है।
















