बिहार पुलिस के बदमिजाज एएसआई की मुख्यमंत्री से हुई शिकायत

– भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के साथ घोघरडीहा थाने में तैनात एएसआई ने की बदसलूकी

उदय भूमि संवाददाता
मधुबनी। बदमाशों के सामने नतमस्त और आम शहरी के समक्ष दबंगई दिखाने के लिए बदनाम बिहार पुलिस का रवैया सुधरने का नाम ही नहीं ले रहा है। पुलिस अधिकारी इस कदर बदमिजाज हो गए हैं कि आम जनता के साथ-साथ अब सत्ताधारी दल के नेताओं के साथ भी खुलेआम बदसलूकी कर उन्हें जेल में डालने तक की धमकी दे रहे हैं। ऐसे ही एक बदमिजाज पुलिस अधिकारी की भाजपा के वरिष्ठ नेता ने मुख्यमंत्री नीतिश कुमार से शिकायत की है। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सत्ताधारी दल के वरिष्ठ नेताओं के साथ जब पुलिस ऐसा बर्ताव कर रही है तो फिर आम जनता के प्रति उसके बर्ताव का अंदाजा लगाया जा सकता है। भाजपा बिहार प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश मिश्र ने मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाने में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) शंभू कुमार झा पर गंभीर आरोप लगाये हैं। आरोप है कि एएसआई भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं और चढ़ावा नहीं मिलने पर मनमर्जी से काम करने के साथ-साथ बदसलूकी भी करते हैं। 23 फरवरी को घोघरडीहा थाना परिसर में एएसआई ने भाजपा नेता राकेश मिश्र के साथ बदसलूकी की। भाजपा नेता ने जब एएसआई को मर्यादित भाषा में बात करने को कहा तो उसने उग्र रूप धारण कर लिया। एएसआई ने भाजपा नेता को लॉकअप में बंद करने और जेल भेजने तक की धमकी दी। एएसआई के रवैये से आहत राकेश मिश्र ने पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री नीतिश कुमार, उप-मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और बिहार सरकार के आरक्षी महानिदेशक से की है। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि पूरे प्रकारण की जांच कराकर आरोपी एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की जाये। एएसआई शंभू कुमार झा की वजह से आम जनता के बीच पुलिस और सरकार की शाख खराब हो रही है। बहराहल यह मामला बेहद गंभीर है और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल इस मामले का संज्ञान लेना चाहिये।