-जनसुनवाई में दिखी सक्रियता, नगर आयुक्त ने दिए ऑन-द-स्पॉट आदेश
-संभव के जरिये जनता से सीधा संवाद, समाधान की राह हुई आसान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा आयोजित ‘संभव जनसुनवाईÓ एक बार फिर जन समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम साबित हुई। मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में कुल 13 जनसंदर्भ प्राप्त हुए, जिन पर नगर आयुक्त ने तत्काल कार्यवाही के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में उपस्थित शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनते हुए नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हर जनसंदर्भ को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, प्रभारी उद्यान विभाग डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। प्राप्त 13 जनसंदर्भों में से निर्माण विभाग से 4, स्वास्थ्य विभाग से 3, उद्यान विभाग से 1, प्रकाश विभाग से 1, टैक्स विभाग से 2, जलकल विभाग से 1 और संपत्ति विभाग से 1 संदर्भ शामिल रहे। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित समस्याओं का स्थल निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। नगर आयुक्त ने बताया कि ‘संभव’ के माध्यम से प्राप्त जनसंदर्भों पर की जा रही कार्यवाही की रिपोर्ट शासन को भी भेजी जा रही है। जनसुनवाई में उपस्थित शिकायतकर्ता संबंधित अधिकारियों से सीधे संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं। संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए समाधान प्रक्रिया को गति प्रदान की जा रही है।
















