उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान जनपद के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनमें भूमि विवाद, राजस्व संबंधित मामले, पेंशन, आवास और बिजली-पानी से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए डीएम ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्षता से परीक्षण करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि हर व्यक्ति को न्याय मिले और उसे बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट भी मौजूद रहे। उन्होंने भी दर्जनों मामलों की जानकारी ली और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों को चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है, और इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी से कार्य करना होगा। इस अवसर पर आमजन ने भी जिलाधिकारी की पारदर्शी और संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना की और उम्मीद जताई कि इसी प्रकार उन्हें आगे भी प्रशासनिक सहयोग मिलता रहेगा।
















