दिल्ली में राहुल और प्रियंका ने सरकार को कोसा
नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों पर सियासत खूब हो रही है। इसी क्रम में कांग्रेस आज देशव्यापी आंदोलन कर रही है। कांग्रेस ने आज किसान अधिकार दिवस मनाया। इसके तहत सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला गया है। दिल्ली में कांग्रेस ने राजभवन का घेराव किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में काफी संख्या में कार्यकर्ता राजभवन का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी ने कहा कि किसानों ने इस देश को आजादी दिलाई, न कि अडानी, अंबानी ने। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानून के जरिए सरकार किसानों का उत्पीडऩ करना चाहती है। यह कांग्रेस को कतई मंजूर नहीं है। कांग्रेस सड़क से संसद तक किसानों की लड़ाई लडऩे को तैयार है। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों को तत्काल वापस ले लिया जाना चाहिए, जिससे किसानों को राहत मिल सके। उधर, दिल्ली के विज्ञान भवन में शुक्रवार को केंद्र सरकार और किसानों के बीच 9वें दौर की वार्ता चल रही है। वार्ता में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसानों के हित में सरकार हरसंभव कदम उठाने को तैयार है। कृषि कानूनों से किसानों का कोई नुकसान नहीं होगा। खबर मिली है कि किसानों की 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली रद्द करने पर सहमति बन गई है। वरिष्ठ किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने ऐसी अपील कर तमाम किसान संगठनों को पत्र लिखा है। इसके बाद किसान संगठन मान गए हैं। केंद्र सरकार को इस संबंध में औपचारिक तौर पर सूचना भी दे दी गई है। फिलहाल सरकार और किसान संगठन की तरफ से आधिकारिक बयान नहीं आया है। उधर, विज्ञान भवन में वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किसानों को एफसीआई से जुड़ी जानकारी दी। हालांकि किसान बैठक में निरंतर कानूनों को निरस्त करने की मांग करते रहे।
















