सीएम ने जिला प्रशासन, प्राधिकरण एवं एयरपोर्ट का निर्माण कर रही कम्पनी के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की
विजय मिश्रा (उदय भूमि)
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर पहुंचे। वह जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, प्राधिकरण एवं एयरपोर्ट की विकासकर्ता कम्पनी के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। निर्देश दिए कि एयरपोर्ट का निर्माण कार्य तय समय सीमा के अंतर्गत गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट निर्माण कार्यों में यदि किसी भी तरह की परेशानी आती है तो शासन स्तर पर अवगत कराते हुए उसका निस्तारण कराया जाए।
बाहरी व्यक्ति ग्रामवासियों को न कर पाएं भ्रमित
समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर सीएम योगी ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जिन गांवों में भूमि अधिग्रहण करने में समस्या आ रही है वहां जनपद के उच्च अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर ग्राम वासियों से वार्ता करें। उनकी समस्याओं का निस्तारण कराएं और शांतिपूर्ण तरीके से भूमि अधिग्रहण कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण कार्य में अधिकारीगण इस बात का विशेष ध्यान रखें की कोई भी बाहरी व्यक्ति ग्राम वासियों को भूमि अधिग्रहण के संबंध में भ्रमित ना करने पाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया की यूपीडा संस्था को भूमि अधिग्रहण का काफी अनुभव है, इसलिए अधिकारीगण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर की भूमि अधिग्रहण के लिए उनके अनुभव का भी लाभ प्राप्त करें।
कनेक्टिविटी पर रखें विशेष फोकस
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए सीएम योगी ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर से सभी मार्गों को कनेक्ट किया जाए। साथ ही, कार्ययोजना बनाकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक रेल, मेट्रो तथा अन्य परिवहन सुविधा का कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि एयरपोर्ट के साथ ही रेल, मेट्रो तथा अन्य परिवहन सुविधा भी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर पर मल्टी लेवल पार्किंग का भी निर्माण कराया जाए, ताकि आने वाले यात्रियों को असुविधा न हो। बैठक में सांसद महेश शर्मा, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, यमुना प्राधिकरण के अधिकारी एवं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिकारी उपस्थित रहे।
पीएम के आगमन की तैयारियों का लिया जायजा
इंडिया एक्सपो मार्ट में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले सेमीकॉन इंडिया-2024 के शुभारंभ के लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। वहीं पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ग्रेटर नोएडा पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित सेमीकान इंडिया एक्सपोजिशन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचेंगे। इसमें कई वीवीआईपी का आगमन होगा। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सुचारू और सुदृढ़ यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास की सड़कों पर भारी मालवाहक और हल्के मालवाहकों को प्रतिबंधित कर दिया है।



















