म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने दिए निर्माण कार्य शुरू करने के आदेश
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल उत्तरांचल और पूर्वांचल भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। नगर निगम की योजना है कि जल्द से जल्द शहरवासियों को उत्तरांचल और पूर्वांचल भवन का तोहफा दिया जाए। नूर नगर में उत्तरांचल भवन और अर्थला में पूर्वांचल भवन के निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाओं पर काम शुरू कर दिया है। छठ पर्व से पहले दोनों भवनों को श्रृद्धांलुओं को सौंपने की योजना है। दोनों भवनों के निर्माण में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि वहां पर संबंधित क्षेत्र की संस्कृति की छाप जरूर नजर आए। भवन की भव्यता और खूबसूरती बाहर और अंदर दोनों तरफ से नजर आए इसका भी ध्यान रखा जाएगा। नगर निगम ने अर्थला के पास पूर्वांचल भवन के लिए 1800 वर्गमीटर जमीन अलॉट की है। राजनगर एक्सटेंशन में एलिवेटेड रोड के पास उत्तरांचल भवन का निर्माण होगा। यह करीब 1600 वर्गमीटर में होगा। 
शुक्रवार को म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने दोनों भवनों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि नगर निगम की जमीन पर प्रस्तावित उत्तरांचल भवन और पूर्वांचल भवन का जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इन भवनों के निर्माण के लिए सभी बाधाएं दूर हो गई हैं। नगर निगम के सिटी जोन अंतर्गत नंदग्राम में उत्तरांचल भवन का निर्माण होगा। वहीं, मोहननगर जोन अंतर्गत अर्थला में पूर्वांचल भवन का निर्माण किया जाएगा। म्युनिसिपल कमिश्रर ने मौके पर अर्थला में पूर्वांचल भवन के लिए बनने वाले कमरों व प्रांगण की लंबाई और चौड़ाई आदि को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
उन्होंने योजना बनाई कि छठ पर्व आने से पहले निर्माण कार्य पूरा हो जाए और पूर्वांचल समाज के लोगों को इस भवन का लाभ मिल सके। उत्तरांचल भवन में कमरों की संख्या और शौचालयों की रूपरेखा समेत अन्य योजना की प्लानिंग की गई। म्युनिसिपल कमिश्रर ने निरीक्षण करते हुए चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन को स्थलों का नक्शा प्रस्तुत कर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के आदेश दिए। दोनों भवनों का निर्माण कार्य की डेडलाइन तय करते हुए तारीख निर्धारित करने के निर्देश दिए। बता दें कि इन दोनों भवनों की मांग लंबे समय से की जा रही थी। 
गाजियाबाद में उत्तरांचल और पूर्वांचल क्षेत्र के लोग बड़ी तादाद में रहते हैं। पूर्वांचल के लोगों की संख्या लाइनपार और टीएचए में ज्यादा है। इसके चलते पूर्वांचल भवन अर्थला में बनाया जाना प्रस्तावित किया गया है। इन भवनों में पूर्वांचल व उत्तरांचल क्षेत्र के लोग सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित कर सकेंगे। दो वर्ष पूर्व इंदिरापुरम के महाकौथिग मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तरांचल व पूर्वांचल भवन का शिलान्यास किया था। म्युनिसिपल कमिश्नर के निरीक्षण के दौरान एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन खान, उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर देशराज सिंह, असिस्टेंट इंजीनियर अनिल त्यागी, जूनियर इंजीनियर संजय कुमार गंगवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
















