सुंदर दीप वर्ल्ड स्कूल में के.जी. कक्षा के बच्चों के लिए उपभोक्ता अधिकार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। डासना स्थित सुंदर दीप वर्ल्ड स्कूल के प्री-प्राइमरी विभाग द्वारा रविवार को के.जी. कक्षा के बच्चों के लिए उपभोक्ता अधिकार जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उपभोक्ता अधिकारों और उत्पादों की समाप्ति तिथि के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का आयोजन प्री-प्राइमरी समन्वयक और कक्षा अध्यापकों द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उत्पादों की समाप्ति तिथि की पहचान करने और समाप्त हो चुके उत्पादों के हानिकारक प्रभावों के बारे में बताया गया। बच्चों ने इस विषय पर चर्चा में उत्साहपूर्वक भाग लिया और उन उत्पादों के बारे में अपने विचार साझा किए, जो समाप्ति तिथि के बाद स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं।

कार्यक्रम में बच्चों ने भूमिका निभाने (रोल प्ले) के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों को समझा। इससे बच्चों को यह जानने में सहायता मिली कि एक जिम्मेदार उपभोक्ता कैसे बनना है और अपने अधिकारों की रक्षा कैसे करनी है। इस अवसर पर प्री-प्राइमरी समन्वयक ने कहा, हमारा उद्देश्य बच्चों को बचपन से ही जागरूक और जिम्मेदार उपभोक्ता बनाना है। यह कार्यक्रम बच्चों को उत्पादों की समाप्ति तिथि के महत्व को समझने में मदद करेगा और उन्हें स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करेगा। कक्षा अध्यापकों ने भी इस कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता हासिल की और यह समझा कि उत्पादों की समाप्ति तिथि और उनके उपयोग पर ध्यान देना क्यों जरूरी है। विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी को बधाई दी।