-जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने किया स्थलीय निरीक्षण
– लंबित सड़क परियोजनाओं को दी पुन:गति, अग्रवाल हाइट्स से भटटा नंबर-5 सड़क का निर्माण पुन: शुरू
– विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
-अतिक्रमण हटाने और भूमि डिमार्केशन कार्य पूर्ण, स्थानीय निवासियों को चेतावनी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कच्ची सड़कों पर लगातार पानी का छिड़काव किया जाए, ताकि धूल और प्रदूषण से स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने निरीक्षण के दौरान कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अग्रवाल हाइट्स से भटटा नंबर-5 को जोडऩे वाली सड़क के निर्माण कार्य की प्रगति का व्यक्तिगत रूप से जायजा लिया और 18 मीटर व 24 मीटर चौड़ी सड़कों में आ रही बाधाओं को मौके पर नक्शे के अनुसार समझा। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव भी दिए।
जीडीए उपाध्यक्ष ने प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन को निर्देश दिए कि कच्ची सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए, ताकि धूल और प्रदूषण के कारण स्थानीय निवासियों को होने वाली असुविधा कम हो सके। उन्होंने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण परियोजनाओं को अब पुन: गति प्रदान की जा रही है। अग्रवाल हाइट्स से भटटा नंबर-5 तक की सड़क, जिसका कार्य कई वर्षों से बाधित था, अब पुन: प्रारंभ किया गया है। निर्माण कार्यों के लिए निर्धारित एलाइनमेंट के अंतर्गत आने वाली भूमि को खाली कराने और डिमार्केशन की कार्रवाई भी पूरी कर दी गई है। अभियंत्रण एवं भू-अर्जन अनुभाग के अधिकारी स्थल पर पहुंचकर भूमि का डिमार्केशन कार्य पूरा कर चुके हैं और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। स्थानीय निवासियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि प्रस्तावित सड़क की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जाएगा, अन्यथा विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नंद किशोर कलाल ने कहा कि इस सड़क के निर्माण के पूरा होने पर राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और यातायात दबाव में कमी आएगी। इससे क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की निगरानी लगातार की जाए और कार्यों में गुणवत्ता, समयसीमा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने न केवल सड़क निर्माण की स्थिति के बारे में जानकारी दी, बल्कि निर्माण में आ रही बाधाओं और उनसे निपटने के सुझाव भी प्रस्तुत किए। उपाध्यक्ष ने कहा कि हर सड़क परियोजना की समय पर पूरी होने पर क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित होगी।
उन्होंने अधिकारियों को कच्ची सड़कों के नियमित रखरखाव, पानी का छिड़काव और धूल कम करने के उपायों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों ने कहा कि जीडीए उपाध्यक्ष के सक्रिय दृष्टिकोण और सड़क निर्माण में सुधार के प्रयासों से उन्हें निश्चित ही राहत मिलेगी। सड़कों के निर्माण और रखरखाव में उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल की तत्परता और स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रशासनिक कार्यों की सफलता सुनिश्चित करेंगे और नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।
















