कंट्रोवर्सी : बराक ओबामा की बुक पर भारत में विवाद

राहुल गांधी पर टिप्पणी का विरोध, कोर्ट में शिकायत

लखनऊ। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा अपनी पुस्तक ए प्रॉमिस्ड लैंड में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर टिप्पणी किए जाने पर विवाद उभर आया है। बराक ओबामा के खिलाफ अदालत में शिकायत की गई है। इंडिया रूरल बार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने जनपद प्रतापगढ़ में लालगंज दीवानी कोर्ट में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति के विरूद्ध परिवाद दाखिल किया है। यह परिवाद बराक ओबामा की पुस्तक से जुड़ा है। परिवाद पर कोर्ट में एक दिसंबर को सुनवाई होगी। शिकायत कर्ता ज्ञान प्रकाश शुक्ल का कहना है कि पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के खिलाफ गलत बयान देकर भारतीय निर्वाचन प्रणाली की अवहेलना की है। उन्होंने निर्वाचन आयोग जैसी नियामक संस्था के साथ संविधान की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पुस्तक ए प्रॉमिस्ड लैंड में अपने अनुभवों को साझा किया है। इस पुस्तक की भारत में भी काफी चर्चा है। पुस्तक मेंकांग्रेस नेता राहुल गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आदि का भी उल्लेख किया गया है। पुस्तक में बराक ओबामा ने लिखा है कि राहुल गांधी में एक ऐसे नर्वस और अपरिपक्व छात्र के गुण हैं, जिसने अपना होमवर्क किया है और शिक्षक को प्रभावित करने के प्रयास में है, मगर गहराई से देखें तो योग्यता की कमी है। साथ किसी विषय पर महारत हासिल करने के जुनून की कमी है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पुस्तक में लिखा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उन्हें एक सख्त और स्मार्ट बॉस की याद दिलाते हैं। जबकि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह में एक भाव शून्य ईमानदारी है, जो उन्हें अलग बनाती है। बता दें कि अपनी पुस्तक में बराक ओमाबा ने पाकिस्तान के एबटाबाद में कुख्यात आतंकी ओसामा बिन लादेन के खात्मे की कार्रवाई का भी जिक्र किया है।