दीक्षांत समारोह: आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज के 139 विद्यार्थियों को मिली उपाधियाँ

• सम्मान का पल: बी.डी.एस. और एम.डी.एस. के विद्यार्थियों को दी गई उपाधियाँ
• गौरवपूर्ण उपलब्धियाँ: नैक से ए ग्रेड और सर्वे में उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ डेंटल कॉलेज घोषित
• विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान: उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मिला विशेष सम्मान
• जनसेवा की मिसाल: जरूरतमंदों को उच्च गुणवत्ता वाली दंत चिकित्सा सेवाएं देने के लिए सराहा गया संस्थान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज में सोमवार को बी.डी.एस. के 20वें बैच और एम.डी.एस. के 16वें बैच के लिए भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. शालीन चंद्रा, प्रोफेसर एवं डीन, डेंटल फैकल्टी, अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय, लखनऊ, आई.टी.एस.-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा, वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में 139 बी.डी.एस. और एम.डी.एस. विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत डायरेक्टर-पी.आर.सुरिंद्र सूद के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद डायरेक्टर-प्रिंसिपल डॉ. देवी चरण शेट्टी ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों और दंत विभागों में अपनाई गई नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी गई।

डॉ. शेट्टी ने आई.टी.एस.-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के प्रति आभार व्यक्त किया और सभी छात्रों की वार्षिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उनके माता-पिता को बधाई दी। डॉ. सोनाली तनेजा, डीन-पी.जी. स्टडीज एंड क्लीनिक्स, ने सभी छात्रों को चिकित्सकीय शपथ दिलाई और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने छात्रों और अभिभावकों को बधाई देते हुए बताया कि कॉलेज को लगातार तीसरी बार नैक (एन.ए.ए.सी.) से ए ग्रेड प्राप्त हुआ है और इंडिया टुडे एवं द-वीक सर्वे में इसे उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ निजी डेंटल कॉलेज घोषित किया गया है। मुख्य अतिथि डॉ. शालीन चंद्रा ने संस्थान द्वारा समाज के जरूरतमंदों को न्यूनतम शुल्क पर उच्च गुणवत्ता वाली दंत सेवाएं प्रदान करने की सराहना की।

उन्होंने कहा कि संस्थान की परोपकारी गतिविधियाँ और अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं इसे देश के श्रेष्ठतम संस्थानों में शामिल करती हैं। समारोह में बी.डी.एस. और एम.डी.एस. के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। बी.डी.एस. में डॉ. बुलदीप कौर को बेस्ट आउटगोइंग स्टूडेंट (अकादमिक), डॉ. नूरी खान को साइंटिफिक एंड रिसर्च एक्टिविटी, डॉ. मनन साहू को स्पोर्ट्स, डॉ. चंदन महतो और डॉ. शाल्वी अतुल को सी.डी.एस.आर. एक्टिविटी, और डॉ. अक्षत मित्तल को को-करीकुलर व कल्चरल एक्टिविटी में सम्मानित किया गया। एम.डी.एस. में डॉ. भारती प्रिया को महाविद्यालय की टॉपर एवं कंजर्वेटिव डेंटिस्ट्री एंड एंडोडोंटिक्स विभाग में प्रथम स्थान मिला।

अन्य सम्मानित विद्यार्थियों में डॉ. सोनाली खंडेलवाल, डॉ. मेघा शर्मा, डॉ. मयंक सिंह, डॉ. आकृति कौल, डॉ. चारू प्रिया, डॉ. प्राची ऋषि, डॉ. शुभम शर्मा, डॉ. रिशभा सिंह, डॉ. स्मृति सीए और डॉ. दीपांषी शर्मा शामिल रहीं। अंत में, डॉ. सलोनी डागा, डॉ. अफजिया वसीम कादरी (बी.डी.एस.) और डॉ. सौम्या त्यागी, डॉ. मैथिली अग्रवाल (एम.डी.एस.) ने संस्थान को उच्च स्तरीय शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।