उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते मंगलवार को अभी तक के सभी रिकॉर्ड टूट गए। कोरोना संक्रमित 24 घंटे में 232 मरीजों की पुष्टि हुई है। जो पिछले दो माह में अब तक सबसे बड़ी संख्या है। वहीं,जिले में अब कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढऩे के बाद 9636 तक पहुंच गया है। जीडीए में जहां लेखा विभाग में एक बाबू संक्रमित मिला है,वहीं,नगर निगम के जलकल विभाग में तैनात एक बाबू में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में मिलाकर डॉक्टर समेत अन्य संक्रमित की पुष्टि हुई है। जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव एवं सुरक्षित रखने के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिलाधिकारी का कहना है कि जिले मेें कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिए एडवाइजरी के तहत पालन करें। वहीं,सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को आई रिपोर्ट के तहत जिले में कोरोना संक्रमित-232 मरीजों की पुष्टि हुई है। जिले में मंगलवार तक कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा-9637 तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में अस्पताल और होम आइसोलेशन से 158 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जिले में अब तक 8054 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया जा चुका है। जिले में कोरोना संक्रमित होने के बाद मौत का आंकड़ा 73 तक पहुंच गया है। इसके अलावा वर्तमान में 1510 कोरोना संक्रमितों को कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा हैं।
कोरोना महामारी की डीएम ने की एडवाइजरी जारी
जिले मेें कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय ने एडवाइजरी जारी कर दी है। कोविड-19 महामारी को लेकर आमजन के लिए जारी की गई एडवाइजरी में बचाव एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए है। जनपद वासियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने जिले के लोगों से आहवान किया कि कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। विभिन्न क्षेत्रों में धीरे-धीरे लॉकडाउन खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं। मगर कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलने का खतरा कम हो गया है। कोरोना संक्रमित मरीज लगातार मिल रहे है। ऐसी परिस्थिति में जनपद के समस्त नागरिकों की और अधिक जिम्मेदारी बढ़ गई है। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से यदि बहुत आवश्यक न हो तो घर से बाहर ना निकले। घर से बाहर निकलने पर सभी नागरिक मास्क एवं मुंह ढकने के लिए घरेलू गमछे का प्रयोग अवश्य करें। यात्रा के दौरान, बाजारों में, कार्यालयों में सभी माल्स में तथा अन्य स्थानों पर सभी नागरिक मास्क का प्रयोग करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन भी सुनिश्चित करें, ताकि सभी को वायरस के संक्रमण से सुरक्षित बने रहें। जिलाधिकारी ने समस्त वाणिज्य संस्थानों, कार्यालय अध्यक्षों उद्यमियों से आहवान किया कि उनके द्वारा भी अपने अपने संस्थानों में नियमित रूप से सैनिटाइजेशन का कार्य एवं सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क का प्रयोग आवश्यक रूप से करवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कोविड-19 को लेकर जिन नागरिकों के द्वारा जनपद में प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया जाएगा। उनके खिलाफ पुलिस एवं अन्य विभागीय अधिकारियों के द्वारा निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला प्रशासन सभी जनपद वासियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए निरंतर रूप से विभिन्न स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित भी कर रहा है ताकि सभी जनपद वासी कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित बने रहे। कोरोना के संबंध में जागरूक बने रहें और जागरूकता ही कोरोना से बचाव है। दैनिक जीवन में मास्क का प्रयोग करें और बाहर निकलने पर सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखें ताकि सभी जनपद वासी स्वस्थ बने रहें। वहीं, जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए एंटी कोरोना वायरस कंट्रोल रूम से निस्तारण किया जा रहा है। रोजाना 300 कॉल कंट्रोल रूम में आ रही है। कंट्रोल रूम के नंबर-120-2965798,120-2965799,120-2965757,120-2965758,120-2829040,120-4186453, 8826737248, 9910426374 है। कोई भी व्यक्ति इन पर संपर्क कर सकता हैं।
बाजारों में रविवार की बंदी को शासन ने किया खत्म
लॉकडाउन में साप्ताहिक रविवार की बंदी को भी शासन ने खत्म कर दिया है। अब बाजार में बंदी की बंदिशें खत्म हो गई हैं लेकिन सुरक्षा उपायों पर ध्यान बाजारों को देना होगा। प्रदेश सरकार के निर्णय पर व्यापारियों ने खुशी जताई है। जिले में पूर्व की भांति बाजार अपने साप्ताहिक बंदी वाले दिन ही बंद रहेंगे। मार्च में लॉकडाउन लगने के बाद जिले में करीब ढाई महीने बाजार बंद रहे। इसके बाद अनलॉकडाउन शुरू होने पर बाजारों के लिए शेड्यूल तैयार किया गया। जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत बाजार सप्ताह में तीन दिन ही खोले गए। अनलॉकडाउन-3 आने के साथ ही प्रदेश सरकार ने शनिवार और रविवार साप्ताहिक को लॉकडाउन घोषित किया लेकिन अब अनलॉकडाउन-4 में साप्ताहिक लॉकडाउन खत्म कर श्रम विभाग द्वारा निर्धारित पूर्व की भांति तय साप्ताहिक बंदी को ही रखने का निर्णय लिया है। गाजियाबाद जिले का अधिकांश बाजारों में मंगलवार को बंदी रहती है। जबकि लोहा मंडी में रविवार को दुकान और ऑफिस बंद रहते हैं। जिले में इस दिन रहती है साप्ताहिक बंदी: गाजियाबाद- मंगलवार, साहिबाबाद- मंगलवार, लोनी- बुधवार मुरादनगर- गुरूवार, मोदीनगर- मंगलवार, रविवार बाजार खुलने का इनको मिलेगा लाभ: रविवार को लॉकडाउन खत्म होने का सबसे अधिक लाभ होटल-रेस्टोरेंट को मिलेगा। पिछले कई दिनों से इसको लेकर मांग भी की जा रही थी। जबकि बाजारों को भी लॉकडाउन खत्म होने का लाभ मिलेगा और छुट्टी वाले दिन ग्राहक खरीदारी के लिए बाजारों में आ सकेंगे। इसके अलावा किराना बाजार भी रविवार को खुलने से लोगों की परेशानी काम हो सकेगी।
















