कोरोना : इंग्लैंड से लौटे युवक के कारण सनसनी

संपर्क में आए 10 नागरिक भी कोविड पॉजिटिव
कोरोना के नए स्ट्रेन की आशंका से हड़कंप

नई दिल्ली। ब्रिटेन में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का नया स्ट्रेन मिलने के बाद से दुनियाभर में चिंता और खौफ का माहौल है। भारत में भी एहतियातन जरूरी कदम उठाए गए हैं। इस बीच इंग्लैंड से भारत के नागपुर लौटे युवक के कोरोना संक्रमित पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग सकते में आ गया है। दरअसल इस युवक के संपर्क में आए कम से कम 10 नागरिक भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इससे समूचे शहर में हड़कंप मच गया है। संक्रमित नागरिकों में कोरोना का नया स्टेन है अथवा पुराना, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। कोरोना पॉजिटिव 28 वर्षीय युवक पुणे में निजी कंपनी में कार्यरत है। ऑफिस कार्य के संबंध में एक माह के लिए वह इंग्लैंड गया था। इंग्लैंड से वह 29 नवंबर को वापस नागपुर लौटा था। इसके बाद वह गोंदिया गया था। युवक के संपर्क में आए 10 नागरिक भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इसके बाद हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने सभी 11 नागरिकों को स्पेशल वार्ड में क्वाारंटीन कर दिया है। इस वार्ड में कोरोना के अन्य मरीजों को भी आने-जाने की अनुमति नहीं है। सामान्य मरीज भी वार्ड के आस-पास नहीं जा सकते हैं। युवक और बाकी नागरिकों में कोरोना का नया स्ट्रेन है या नहीं इसकी जांच चल रही है। नागपुर शहर में यह मामला एकाएक चर्चाओं में आ गया है। नागपुर स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इन नागरिकों में यदि कोरोना का नया स्ट्रेन मिलता है तो चिंता बढ़ सकती है। सनद रहे कि ब्रिटेन में कोरोना के न्यू स्ट्रेन के मिलने से दुनियाभर में हड़कंप मचा है। इस नए वायरस का एक शिकार एशिया भू-भाग में भी पाया गया है। नया वायरस पुराने कोरोना वायरस से 70 फीसदी ज्यादा तेजी से फैल सकता है। कोरोना के नए स्ट्रेन के खतरे को भांपकर भारत सरकार ने ब्रिटेन से आने वाली फ्लाइट्स पर भी फिलहाल पाबंदी लगा रखी है।